मेडिकल कॉलेज में गार्ड्स के साथ फिर मारपीट; भड़के सुरक्षाकर्मियों ने थाने पहुंचकर दर्ज कराया केस
रतलाम, 09 जून (इ खबर टुडे)। शहर के शासकीय मेडिकल कॉलेज में सुरक्षाकर्मियों के साथ अभद्रता और मारपीट के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। कॉलेज परिसर में एक बार फिर सुरक्षा गार्ड के साथ हाथापाई की घटना सामने आई है। रविवार रात हुई इस घटना के विरोध में मंगलवार को बड़ी संख्या में आक्रोशित सुरक्षा गार्ड औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज करवाया।
मिली जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व पहलवान बाबा की दरगाह के समीप एक सड़क दुर्घटना हुई थी। इसमें घायल काटजू नगर निवासी एक व्यक्ति को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर के बाद अस्पताल परिसर में मौजूद मृतक के परिजनों और उसके साथ आए दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। दोनों पक्ष आपस में ही उलझ पड़े।
बीच-बचाव करने पर गार्ड को जड़े थप्पड़
इमरजेंसी वार्ड के बाहर हंगामा और विवाद बढ़ता देख वहाँ ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड बीच-बचाव करने पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन गुस्साए परिजनों ने सुरक्षाकर्मी पर ही गुस्सा निकाल दिया और उनके साथ मारपीट करते हुए थप्पड़ जड़ दिए।
अधिकारियों के दौरे के कारण अगले दिन नहीं हो सकी शिकायत
घटना के अगले दिन यानी सोमवार को मेडिकल कॉलेज में वरिष्ठ अधिकारियों का दौरा (विजिट) होने के कारण सुरक्षाकर्मी व्यस्त रहे, जिसके चलते वे पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा पाए थे। इसके बाद मंगलवार को सुरक्षाकर्मियों का गुस्सा फूट पड़ा। सभी गार्ड एकजुट होकर औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंचे और शासकीय कार्य में बाधा व मारपीट करने वाले अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
थाना प्रभारी ने सुरक्षाकर्मियों को दिया आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने आक्रोशित सुरक्षा गार्ड्स से चर्चा की और उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। इसके साथ ही थाना प्रभारी ने मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी हिदायत दी कि वे सुरक्षा गार्डों की सुरक्षा और अस्पताल की कानून व्यवस्था को लेकर सजग रहें और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।

