रतलाम / बकरा चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, जावरा शहर पुलिस ने 4 आरोपियों को दबोचा, 6.62 लाख का मश्रुका बरामद
रतलाम, 07 मई (इ खबर टुडे)। जावरा शहर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सक्रिय एक शातिर बकरा चोर गिरोह को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इंदौर निवासी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के बकरे, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार सहित कुल ₹6,62,230 का सामान बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले माह 27 अप्रैल को महिदपुर गेट निवासी शाकीर पिता रजाक पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26-27 अप्रैल की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने उसके घर के पीछे बने कमरे का ताला तोड़कर 8 बकरा-बकरी (कीमत करीब 80,000) चोरी कर लिए हैं। पुलिस ने धारा 331(4) और 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश और एएसपी विवेक कुमार लाल व सीएसपी युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दीपक कुमार मण्डलोई के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने जावरा, नागदा, उज्जैन और इंदौर तक आरोपियों का पीछा किया। साइबर सेल की मदद और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस इंदौर के बदमाशों तक पहुँचने में कामयाब रही।
गिरफ्तार आरोपी
अब्दुल दानीश (20 वर्ष), सदर बाजार
जिशान उर्फ हम्मु (23 वर्ष), जुना रिशाला
अमीरुद्दीन (38 वर्ष), मल्हारगंज रोड
जुनेद (19 वर्ष), सदर बाजार (सभी इंदौर निवासी)
बरामद सामग्री
सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार (MP-13-ZM-9997)
चार बड़े बकरे
वारदात में प्रयुक्त हथियार (चाकू और दो लोहे की टामियां)
नकदी 2,120/-
अन्तर्राज्यीय लिंक की तलाश
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इस गिरोह ने जावरा के अलावा आसपास के कई क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस अब आरोपियों का रिमांड लेकर अन्य चोरी के मामलों और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ करेगी।
सराहनीय टीम
इस कार्रवाई में थाना जावरा शहर और साइबर सेल रतलाम की टीम की विशेष भूमिका रही, जिनकी मुस्तैदी से वारदात के महज 10 दिनों के भीतर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया गया।

