रावटी थाने का घेराव और प्रदर्शन: जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशु निनामा समेत 25 लोगों पर मामला दर्ज
रतलाम, 25 अक्टुम्बर (इ खबर टुडे)। जिले के रावटी थाने का घेराव कर पुलिसकर्मियों से बदतमीजी और धमकाने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशु निनामा, दो सरपंचों और 20 से 25 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है.
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक मैसेज वायरल हुआ था जिसमें रावटी क्षेत्र के लोगों को नक्सली विचारधारा का बताते हुए विधानसभा चुनाव में उपद्रव मचाने की साजिश की बात कही गई थी और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई थी। इसी बात से आक्रोशित होकर जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशु निनामा अपने समर्थकों और दो सरपंचों के साथ रावटी थाने पहुंचे और धरना-प्रदर्शन किया।
मामले को लेकर रावटी थाना प्रभारी मनीष डावर ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल संदेश को लेकर केशु निनामा ने अपने सहयोगियों के साथ थाने पर आकर धरना-प्रदर्शन किया था। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस द्वारा किसी पर्टिकुलर समुदाय को टारगेट नहीं किया गया था, लेकिन केशु निनामा ने जबरदस्ती इस बात को तूल देकर खुद को प्रमोट करने के लिए रावटी थाने का घेराव किया, जिसका रावटी थाने से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं था। प्रदर्शन के दौरान थाने पर मौजूद स्टाफ के साथ अभद्रता की गई और कुछ ऐसे अपशब्द बोले गए जो सुनने योग्य नहीं थे।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस स्टाफ से बदतमीजी और थाने का घेराव करने के मामले में केशु निनामा व उनके साथियों के खिलाफ धारा 126(2) और 121(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इस मामले की विवेचना जारी है और भविष्य में इस तरह की हरकतें न दोहराई जाएं, इसके लिए आरोपियों को बाउंड ओवर भी करवाया जाएगा। इस पूरी घटना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है, और उनके मार्गदर्शन में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

