Movie prime

धामनोद में गौ सम्मान अभियान को मिला व्यापक जनसमर्थन, तीन चरणों में हुए 13,960 हस्ताक्षर

 

 

​रतलाम, 29 नवंबर (इ खबर टुडे)। गौमाता के सम्मान, संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी 'गौ सम्मान आह्वान अभियान' के अंतर्गत रविवार, 29 नवंबर 2026 को धर्म नगरी धामनोद में तृतीय चरण का हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान को नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनसमर्थन मिला।

​तृतीय चरण के दौरान नगरवासियों, विद्यालयों, मंदिरों और ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 4,100 हस्ताक्षर किए। इसके साथ ही धामनोद नगर में अब तक तीनों चरणों को मिलाकर कुल 13,960 हस्ताक्षर एकत्रित हो चुके हैं। इससे पूर्व प्रथम चरण में 1,500 तथा द्वितीय चरण में 8,360 हस्ताक्षर प्राप्त हुए थे।

​क्या हैं प्रमुख मांगें?
इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत देशभर से 31 करोड़ हस्ताक्षर एकत्रित करने का संकल्प लिया गया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य गौमाता को 'राष्ट्रमाता' का संवैधानिक सम्मान दिलाना, देशी गौवंश एवं नंदी बाबा का संरक्षण सुनिश्चित करना और पूरे देश में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को शासन तक पहुंचाना है।

​4 दिसंबर को भोपाल में जुटेंगे गौभक्त
अभियान के आगामी चरण में 4 दिसंबर 2026 को भोपाल के अटल पथ पर 'गौ सम्मान दिवस' के अवसर पर एक विशाल जनसमागम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में देशभर से एकत्रित किए गए हस्ताक्षरों के साथ शासन को प्रार्थना-पत्र सौंपा जाएगा।

​धामनोद के गौभक्त कार्यकर्ताओं ने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सभी नागरिकों, गौसेवकों और गौप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में भोपाल पहुंचकर इस आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है। अभियान को सफल बनाने में संगठन के स्थानीय कार्यकर्ताओं और समस्त हिंदू समाजजनों का सराहनीय सहयोग रहा।