रतलाम में चोरी की बाइक स्क्रैप करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार
रतलाम, 22अगस्त(इ खबर टुडे)। थाना माणकचौक पुलिस ने मोतीबावजी मंदिर चौमुखी पुल के पास से चोरी हुई बाइक के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बाइक चुराने वाले मुख्य आरोपी और उसे खरीदकर कटवाने (स्क्रैप करने) वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सात दिन पूर्व 15 अगस्त को करमदी निवासी कालुराम की एचएफ डीलक्स बाइक (MP43DN7834) चौमुखी पुल के पास से चोरी हो गई थी। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
तकनीकी मदद से दबोचे गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशों पर नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की मदद से दो आरोपी लोकेन्द्र पंवार (18 वर्ष) निवासी हिम्मत नगर, रतलाम (मुख्य आरोपी), साहिल खान उर्फ भुरु (23 वर्ष) निवासी कॉलेज रोड, रतलाम (स्क्रैप करने वाला) को गिरफ्तार किया।
ग्राइंडर जब्त, 3 आरोपी अभी भी फरार
आरोपियों के कब्जे से बाइक काटने में इस्तेमाल किया गया ग्राइंडर जब्त किया गया है। मामले में शामिल 3 अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान, उपनिरीक्षक शांतिलाल चौहान, प्रधान आरक्षक मुकेश ओसारी, विरेन्द्र बारोड़, आरक्षक जीवन विश्वकर्मा, हेमंत यादव, अविनाश मिश्रा, महेश मईडा और विशाल सेन का सराहनीय योगदान रहा।

