Movie prime

नगर निगम कर्मचारियों पर फल विक्रेता ने लगाए अवैध वसूली के आरोप; ठेला पलटने पर कॉलेज रोड पर हंगामा, चक्काजाम

 

​रतलाम, 03 अगस्त (इ खबर टुडे)। सोमवार शाम रतलाम के कॉलेज रोड पर उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब एक फल विक्रेता और नगर निगम के अमले के बीच विवाद हो गया। फल विक्रेता ने निगम कर्मियों पर जबरन वसूली और मारपीट/बद्तमीजी के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद रोड पर चक्काजाम की स्थिति निर्मित हो गई, जिसे संभालने के लिए पुलिस बल को मौके पर तैनात करना पड़ा।

​टाटा नगर निवासी फल विक्रेता राजेश माली के अनुसार, वह सोमवार शाम कॉलेज रोड पर केले का ठेला लगाकर फल बेच रहा था। राजेश माली का दावा है कि नगर निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कथित तौर पर हफ्ते/पैसे की मांग करने लगे। पैसे देने से इनकार करने पर, विक्रेता का आरोप है कि निगम कर्मियों ने उसका तोल कांटा जब्त कर लिया और केले से भरे ठेले को सड़क पर उल्टा कर दिया। घटना से आक्रोशित होकर विक्रेता ने परिजनों को बुला लिया और सड़क पर लेटकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

​यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था:
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रण में लेने और सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने दोनों तरफ बैरिकेड्स लगाकर यातायात को डाइवर्ट व सुचारू कराया।

​विपक्ष का विरोध
घटना की खबर मिलते ही कांग्रेस नेता मयंक जाट, शहर अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने फल विक्रेता का समर्थन करते हुए संबंधित निगम कर्मचारियों और अधिकारियों को मौके पर बुलाने तथा निष्पक्ष जांच की मांग की। इसके साथ ही नाराज परिजनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौके पर 'महापौर मुर्दाबाद' के उग्र नारे भी लगाए।

खबर लिखित जाने तक प्रदर्शन जारी था। नगर निगम की ओर से स्वास्थ्य अधिकारी राजेंद्र सिंह पवार भी घटना स्थल पर पहुंच गए थे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर रहे।