Movie prime

Budget 2026/बजट से पहले ही लगा झटका ! आज से इन चीजों के लिए चुकानी होगी ज्यादा कीमत

 
नई दिल्ली 01 फरवरी (इ खबर टुडे ) महीने की शुरुआत के साथ कुछ नियमों और कीमतों में बदलाव होते हैं, जो सीधे आम लोगों के खर्च को प्रभावित करते हैं। इस बार 1 फरवरी और भी खास है, क्योंकि इसी दिन केंद्रीय बजट पेश किया जा रहा है। साथ ही महीने के पहले दिन कई ऐसे फैसले लागू हो गए हैं, जिनका असर जेब पर पड़ने वाला है। आज से कुछ जरूरी चीजें महंगी हुई हैं, जबकि कुछ नियमों में राहत भी दी गई है। आइए जानते हैं 1 फरवरी से लागू हुए बड़े बदलाव।

गैस सिलेंडर की कीमतों में इजाफा
बजट से पहले ही एलपीजी के नए दाम जारी कर दिए गए हैं। इंडियन ऑयल के अनुसार, एलपीजी सिलेंडर के रेट बढ़ाए गए हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि इस बार भी बढ़ोतरी सिर्फ कमर्शियल सिलेंडर तक सीमित है। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।


सिगरेट और तंबाकू अब और महंगे
1 फरवरी 2026 से सिगरेट, तंबाकू और पान मसाला जैसे उत्पादों की कीमतों में इजाफा हो गया है। सरकार ने इन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक वस्तुओं पर उत्पाद शुल्क और उपकर बढ़ाने का फैसला किया है। यह बढ़ोतरी सामान्य जीएसटी के अलावा है, जिसके चलते इन चीजों की खुदरा कीमत बढ़ गई है।

रेपो रेट पर क्या रहेगा फैसला?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार भारतीय रिज़र्व बैंक रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं कर सकता है। हालांकि कुछ अनुमानों में 0.25 फीसदी कटौती की भी संभावना जताई जा रही है। इसका अंतिम फैसला आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति की बैठक में लिया जाएगा, जो आने वाले दिनों में होने वाली है।


FASTag से जुड़ा नियम बदला
आज से FASTag से संबंधित एक अहम नियम में राहत दी गई है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के मुताबिक, अब FASTag एक्टिवेट कराने के लिए ई-केवाईसी की अनिवार्यता खत्म कर दी गई है। यानी अब यूजर्स बिना ई-केवाईसी के भी FASTag का इस्तेमाल कर सकेंगे।

बैंकिंग सेक्टर में 1 फरवरी से लागू होंगे नए नियम
फरवरी की शुरुआत के साथ बैंकिंग सेक्टर में भी कई अहम बदलाव लागू हो रहे हैं। भारतीय स्टेट बैंक, HDFC बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और ICICI बैंक समेत कई बड़े बैंकों ने अपने चार्ज और नियमों में संशोधन किया है। इन बदलावों का असर IMPS ट्रांजेक्शन, क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड और KYC से जुड़े नियमों पर पड़ेगा।

IMPS लेनदेन पर बढ़ेगा शुल्क
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने IMPS ट्रांजेक्शन चार्ज में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत
25,000 रुपये से 1 लाख रुपये तक के IMPS ट्रांजेक्शन पर जीएसटी सहित 2 रुपये शुल्क लगेगा।
1 लाख से 2 लाख रुपये के ट्रांजेक्शन पर 6 रुपये और जीएसटी देना होगा।
2 लाख से 5 लाख रुपये तक की IMPS राशि पर जीएसटी सहित 10 रुपये चार्ज किए जाएंगे।


क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड पॉलिसी में बदलाव
HDFC बैंक ने अपने क्रेडिट कार्ड यूजर्स के लिए रिवॉर्ड पॉइंट्स से जुड़े नियमों में संशोधन किया है। 1 फरवरी 2026 से इंफिनिया क्रेडिट कार्ड पर नए नियम लागू होंगे। इसके बाद रिवॉर्ड पॉइंट्स को महीने में अधिकतम पांच बार ही रिडीम किया जा सकेगा।

KYC अपडेट करना अनिवार्य
पंजाब नेशनल बैंक ने अपने सभी खाताधारकों को निर्देश दिए हैं कि वे 2 फरवरी तक KYC अपडेट कर लें। यह प्रक्रिया RBI के दिशानिर्देशों के अनुसार अनिवार्य की गई है। तय समयसीमा तक KYC पूरा नहीं करने पर बैंकिंग सेवाओं में दिक्कत आ सकती है।