रतलाम / दोस्त ने ही रचा अपहरण का षड्यंत्र, गोदाम के कमरे में बंधक बनाकर मांगी फिरौती; पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ा
रतलाम, 07 अक्टूम्बर (इ खबर टुडे)। रतलाम-झाबुआ रोड स्थित एक गोदाम के कमरे में युवक को बंधक बनाकर मारपीट करने और रुपयों की मांग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरी वारदात को पीड़ित युवक के ही बचपन के दोस्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आरोपी दोस्त को राउंडअप कर लिया है और अन्य फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सुराना निवासी पीड़ित युवक (खेती-किसानी कार्य से जुड़ा) रतलाम में रहकर फाइनेंस का काम करने वाले अपने काका के लड़के (अंकल के लड़के) सूरज से मिलने रतलाम आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसे उसका बचपन का दोस्त ग्राम सुराना निवासी इरशाद पिता जाकिर अली मिला। इरशाद ने युवक को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाया और राजस्थान इंटरप्राइजेज पत्थर गोदाम (रतलाम-झाबुआ रोड) के पीछे बने एक कमरे में ले गया।
कमरे में बंद कर की मारपीट, फिरौती की मांग
इरशाद ने युवक को कमरे में बैठाया और बाहर से कुंडी बंद कर दी। कुछ देर बाद दो अज्ञात बदमाश कमरे में घुसे और युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। जब पीड़ित ने इरशाद से बचाने को कहा, तो इरशाद ने नाटक करते हुए कहा कि "अब तुम फंस गए हो, ये लोग झूठे केस में फंसा देंगे, रुपए देकर ही पीछा छूटेगा"। इसके बाद इरशाद ने पीड़ित के मोबाइल से उसके भाई सूरज को फोन लगवाया और झाबुआ रोड पर रुपयों का इंतजाम कर पहुंचने को कहा।
पुलिस की भनक लगते ही आरोपी फरार
जैसे ही सूरज रुपयों की व्यवस्था कर बताए गए स्थान पर पहुंचने वाला था, तभी आरोपियों को भनक लग गई कि मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंच गई है। घबराकर आरोपी इरशाद और उसके साथी कमरे में आए और युवक को जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया और खुद भी फरार हो गए।
पीड़ित युवक किसी तरह अपने भाई सूरज के घर राजीव नगर पहुंचा और पूरी आपबीती बताई। इसके बाद परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई।
केस दर्ज, मुख्य आरोपी पुलिस हिरासत में
सालाखेड़ी चौकी प्रभारी विजय बामनिया ने बताया कि बीते मंगलवार को पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 127 (7), 296 (1), 351 (3), 3 (5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी इरशाद (निवासी सुराना) को राउंडअप कर लिया है। पुलिस हिरासत में आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

