रतलाम में यातायात पुलिस की पहल: दो बत्ती चौपाटी पर 100 चालकों को बांटे निशुल्क हेलमेट, सुरक्षा की दिलाई शपथ
रतलाम,02 सितंबर(इ खबर टुडे)। सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस रतलाम द्वारा दो बत्ती चौपाटी पर एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में दोपहिया वाहन चालकों को सुरक्षा नियमों की जानकारी देने के साथ-साथ निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लगभग 100 दोपहिया वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट बांटे गए और उन्हें भविष्य में अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाने की शपथ दिलाई गई। वरिष्ठ अधिकारियों की अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो, नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया और डीएसपी ट्रैफिक आनंद सोनी विशेष रूप से मौजूद रहे।
अधिकारियों ने वाहन चालकों को समझाते हुए कहा कि हेलमेट किसी भी दुर्घटना के समय सुरक्षा कवच का काम करता है। अधिकतर हादसों में सिर की चोट ही जानलेवा बनती है, जिससे हेलमेट के जरिए बचा जा सकता है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस तरह के आयोजनों का मकसद चालान काटना नहीं, बल्कि नागरिकों की जान बचाना और उनमें जिम्मेदारी का भाव जगाना है।
यातायात पुलिस रतलाम ने सभी शहरवासियों से अपील की है कि वे स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें।

