Movie prime

रतलाम पुलिस की बड़ी सफलता / चार चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, आरोपी गिरफ्तार

 
 

रतलाम, 28 मार्च (इ खबर टुडे)। संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना स्टेशन रोड पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रतलाम सहित अन्य जिलों से चोरी की गई चार मोटरसाइकिलें बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी स्टेशन रोड निरीक्षक जितेंद्रसिंह जादौन के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 18 मार्च 2026 को फरियादी प्रियांशु राठौर की मोटरसाइकिल कोर्ट गेट के बाहर से चोरी हो गई थी। इस मामले में थाना स्टेशन रोड पर अपराध क्रमांक 179/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही धुलिया उर्फ सुनील (20), निवासी छोटी संगत, थाना पेटलावद, जिला झाबुआ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुल चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं है। 

बरामद वाहन
हीरो पैशन प्रो (MP43 DU 4363) – थाना स्टेशन रोड, रतलाम क्षेत्र से चोरी
यामाहा R-15 (MP43 ZH 2052) – थाना स्टेशन रोड, रतलाम क्षेत्र से चोरी
पल्सर मोटरसाइकिल (बिना नंबर) – थाना थांदला, जिला झाबुआ क्षेत्र से चोरी
हीरो सुपर स्प्लेंडर – पिपलियामंडी, जिला मंदसौर से चोरी

आरोपी का रिकॉर्ड
पुलिस जांच में आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जिसमें पूर्व में भी वाहन चोरी के मामले दर्ज मिले हैं। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी स्टेशन रोड निरीक्षक जितेंद्रसिंह जादौन, उप निरीक्षक विजय बामनिया, सहायक उप निरीक्षक मुरली मकवाना, प्रधान आरक्षक जितेंद्रसिंह बघेल, प्रधान आरक्षक विनोद गौड़, आरक्षक रितेश यादव, आरक्षक राकेश निनामा, आरक्षक राहुल मारु, आरक्षक दीपक वसुनिया, आरक्षक गोपाल आंजना, आरक्षक वीरेंद्र सोनी सहित थाना स्टेशन रोड टीम की सराहनीय भूमिका रही।