Movie prime

 रतलाम में 24 घंटे के भीतर अपहरण के 4 मामले दर्ज, एक युवती लापता; जांच में जुटी पुलिस 

 

 

​रतलाम, 17 सितम्बर (इ खबर टुडे)। जिले में अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। बीते 24 घंटों के भीतर अपहरण की चार सनसनीखेज वारदातें सामने आई हैं, जिसने पुलिस प्रशासन की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। दर्ज मामलों में तीन युवतियां और एक 33 वर्षीय महिला शामिल है। इसके अलावा कॉलेज गई एक 22 वर्षीय छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है। परिजनों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार​ बिलपांक थाना अंतर्गत ग्राम रुण्डाखेड़ी गांव की एक 18 वर्षीय युवती को अज्ञात संदेही बहला-फुसलाकर अगवा कर ले गया। पुलिस को आशंका है कि पीड़िता को कहीं छिपाकर रखा गया है। ​कालूखेड़ा थाना अंतर्गत ग्राम तालीदाना में फरियादी के घर से 33 वर्षीय महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में अपहरण कर लिया गया। ​जावरा शहर थाना स्थित जेल रोड पर फरियादी की 18 वर्षीय बेटी चांदनी अब्बासी को अज्ञात बदमाश ने अगवा कर लिया और किसी अज्ञात स्थान पर छिपा दिया है।

​बाजना थाना अंतर्गत ग्राम सादड़िया में 22 वर्षीय युवती को एक अज्ञात आरोपी बहला-फुसलाकर ले गया और उसे कहीं बंधक बनाकर रखने की आशंका जताई जा रही है। ​स्टेशन रोड थाना में एक युवती लापता हो गई। शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय गई 22 वर्षीय छात्रा शाम तक घर नहीं पहुंची। भाई उसे सुबह कॉलेज छोड़कर आया था। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​सभी मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की टीमें अगवा महिलाओं व युवतियों की सकुशल बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।