रतलाम में दर्दनाक रविवार: डूबने, जहर सेवन और हादसों में चार की मौत
रतलाम, 20 अप्रैल (इ खबर टुडे)। जिले में रविवार का दिन हादसों से भरा रहा। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चार घटनाओं में एक मासूम समेत चार लोगों की मौत हो गई। सभी मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नामली थाना क्षेत्र के ग्राम मलवासा स्थित नयापुरा तालाब में 9 वर्षीय बालिका यशोदा की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। मामले की जांच सउनि जुगलकिशोर रावत कर रहे हैं।
अज्ञात पदार्थ के सेवन से नाबालिग की मौत
डीडी नगर थाना क्षेत्र के सुभाष नगर निवासी 16 वर्षीय शोएब ने अज्ञात पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों द्वारा उसे तत्काल जीएमसी रतलाम में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सैलाना रोड पर सड़क हादसा, युवक की जान गई
औद्योगिक थाना क्षेत्र में सैलाना रोड स्थित सिद्धि विनायक कॉलोनी के सामने रविवार रात करीब 8 बजे हुए सड़क हादसे में 30 वर्षीय देवराज राणा की मौत हो गई। हादसे की सूचना रमेश गिरवाल द्वारा पुलिस को दी गई। जांच उनि रायसिंह परमार कर रहे हैं।
फोरलेन पर हादसा, वृद्ध महिला की मौत
बिलपांक थाना क्षेत्र में महू-नीमच फोरलेन पर ग्राम धराड़ के पास हुए सड़क हादसे में 70 वर्षीय झमकुबाई गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें इलाज के लिए जीएमसी रतलाम ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मामले की जांच उनि दीपक डामोर कर रहे हैं।
जांच जारी
चारों मामलों में पुलिस ने बीएनएस की धारा 194 के तहत मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अलग-अलग कारणों से हुई इन घटनाओं ने जिले में शोक का माहौल बना दिया है।

