Movie prime

 रतलाम / हत्या के प्रयास में फरार चार आरोपी और एक नाबालिग गिरफ्तार

 

रतलाम, 21 मई (इ खबर टुडे)। रतलाम जिले में गंभीर अपराधों में शामिल फरार अपराधियों की धरपकड़ और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में 'ऑपरेशन क्लीन' चलाया जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 4 आरोपियों और 1 विधि विरुद्ध बालक (नाबालिग) को गिरफ्तार कर लिया है।

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) जावरा युवराजसिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश गडरिया के नेतृत्व वाली विशेष टीम द्वारा की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 5 मार्च 2026 को श्यामपुरा निवासी फरियादिया सुल्ताना बी (45 वर्ष) पति इब्राहिम खाँ मेव ने थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि कुछ लोगों ने उन पर जानलेवा हमला कर गंभीर मारपीट की थी। फरियादिया की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 120/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण में हत्या के प्रयास (धारा 109 BNS) सहित अन्य गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं। इस मामले में पूर्व में आरोपी सलीम खाँ, अल्ताफ खाँ और एक नाबालिग को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि अन्य आरोपी लगातार फरार चल रहे थे।

ऐसे जाल बिछाकर पकड़ा
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी प्रकाश गडरिया के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों की मदद से आरोपियों पर नजर रखी। आखिरकार 21 मई 2026 को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर फरार चल रहे चारों आरोपी अनवर पिता अकरम खाँ (उम्र 36 वर्ष), निवासी श्यामपुरा, शाहरुख पिता सलीम खाँ (उम्र 28 वर्ष), निवासी श्यामपुरा, जाकिर पिता सलीम खाँ (उम्र 37 वर्ष), निवासी श्यामपुरा, शाकीर उर्फ छोटा पिता सलीम खाँ (उम्र 34 वर्ष), निवासी श्यामपुरा और एक विधि विरुद्ध बालक (नाबालिग) को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों से घटना के संबंध में बारीकी से पूछताछ की जा रही है।

इस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस महत्वपूर्ण सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश गडरिया, उपनिरीक्षक प्रतापसिंह भदोरिया, प्रधान आरक्षक हिमांशु यादव, प्रधान आरक्षक संजय आंजना, आरक्षक अभिजीतसिंह, अर्जुन प्रजापत, अर्जुन चंदेल, महिला आरक्षक सुनीता जाट और महिला आरक्षक कौशल्या धनगर की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।