× Article_Image
Movie prime

 प्रदेश में पहली बार दो वर्ष के मनवीत को बाल आरक्षक की अनुकंपा नियुक्ति मिली

 

उज्जैन,14 अक्टूबर (इ खबर टुडे/ ब्रजेश परमार)। मंदसौर में पदस्थ आरक्षक रणजीत सिंह डोडिया का 26 जनवरी 2026 को सेवा के दौरान सडक दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया था। मृतक आरक्षक के दो वर्षीय पुत्र मनवीत को बुधवार को उज्जैन पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने चाकलेट खिलाकर अनुकंपा नियुक्ति पत्र भी उसके हाथ में सौंपा है। बाल आरक्षक को इस दौरान प्यार,दुलार भी मिला है। मध्यप्रदेश में पहली बार इतनी कम उम्र के बच्चे को अनुकंपा नियुक्ति देने का यह मामला सामने आया है।

पुलिस अधीक्षक  उज्जैन  प्रदीप शर्मा द्वारा संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दिवंगत आरक्षक क्रमांक 464 रणजीत सिंह डोडिया के दो वर्षीय पुत्र मनवीत को 14 अक्टूबर 2026 को बाल आरक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई।जिला मंदसौर में पदस्थ आरक्षक रणजीत सिंह डोडिया का दिनांक 26 जनवरी 2026 को सेवा के दौरान सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया था। उनके परिवार में पत्नी श्रीमती ज्योति कुंवर, दो पुत्रियां एवं एक पुत्र मनवीत हैं। दिवंगत आरक्षक की पत्नी द्वारा पुत्र को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान किए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया था। जिला मंदसौर में पद रिक्त नहीं होने के कारण प्रकरण वरिष्ठ अधिकारियों के माध्यम से पुलिस अधीक्षक उज्जैन को प्रेषित किया गया।

प्रकरण में तत्परता से कार्यवाही करते हुए आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कराकर मनवीत को बाल आरक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई। एसपी प्रदीप शर्मा ने नन्हे मनवीत को अपने हाथों से चॉकलेट खिलाकर स्नेह एवं आशीर्वाद दिया।