Movie prime

  त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग की नजर, रतलाम-जावरा से सैलाना-बाजना तक छापेमारी

 

 

रतलाम, 27 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिलेभर में निरीक्षण और नमूना कार्रवाई तेज कर दी है। प्रभारी कलेक्टर सुश्री वैशाली जैन के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने रतलाम, जावरा, आलोट, ताल, सैलाना और बाजना क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों एवं दूध संग्रहण केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाई, शक्कर बूरा, दूध, मावा, घी, नमकीन, मसाले, किशमिश, रसगुल्ला सहित कई खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए। सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजने की कार्रवाई की गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 महाराजा स्वीट्स के शक्कर बूरा का नमूना लिया

खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती ज्योति बघेल एवं खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने छावनी रोड, जावरा स्थित राज फूड प्रोडक्ट का निरीक्षण किया। फर्म का संचालन तरुण फूलवानी पिता पुरुषोत्तम दास फूलवानी करते पाए गए। मौके पर खाद्य रजिस्ट्रेशन प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। मिलावट की आशंका के आधार पर फर्म से महाराजा स्वीट्स शक्कर बूरा पैक का नमूना मानक स्तर की जांच के लिए लिया गया।

दूध, मावा, घी और नमकीन के नमूने भी लिए

खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा ने आलोट क्षेत्र के ग्राम दूधिया स्थित श्यामलाल दूध संग्रहण केंद्र से मिक्स्ड दूध तथा महाकाल मावा भट्टी से मावा का नमूना लिया। ताल की पटवारी गली स्थित ऋषभश्री नमकीन से सेव, बेसन और मिर्च पाउडर के नमूने लिए गए। वहीं महेंद्र प्रताप मार्ग स्थित सकलेचा ट्रेडर्स से घी तथा नारायण मार्ग स्थित परवेज किराना से चायपत्ती का नमूना जांच के लिए लिया गया।

 सैलाना और बाजना में भी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच

खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति मंडोरिया ने सैलाना एवं बाजना क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। सैलाना स्थित श्री बालाजी नमकीन से नमकीन, बैरागी किराना से चंद्रकमल घी तथा नेमी ड्रायफ्रूट्स एंड स्पाइसेज से किशमिश और रसगुल्ला के नमूने लिए गए।

बाजना में नेहा किराना से कोल्ड ड्रिंक और दाल, शुभम स्वयं सहायता समूह से खीर, आलू की सब्जी और गेहूं के आटे, पीरोदिया किराना से घी तथा योगेश किराना से पताशे के नमूने लिए गए।

मावा भंडार में मिली साफ-सफाई की अनियमितता, नोटिस जारी

खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती ज्योति बघेल ने जावरा तहसील के सुजानपुर स्थित बालाजी मावा भंडार का भी निरीक्षण किया। यहां प्रोपराइटर दिनेश पिता रामबरन यादव उपस्थित मिले। मिलावट की आशंका के आधार पर मावा के दो नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत जांच के लिए लिए गए।

निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई में अनियमितता पाए जाने पर प्रतिष्ठान संचालक को सुधार के लिए समय-सीमा निर्धारित करते हुए नोटिस जारी किया गया। साथ ही खाद्य रजिस्ट्रेशन प्रदर्शित करने और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित समय में सुधार नहीं किए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

 रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई

खाद्य विभाग के अनुसार, लिए गए नमूनों को मानक स्तर की जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग ने जिले में निरीक्षण और नमूना लेने की कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही है।