जिला अध्यक्ष हर्ष विजय गहलोत के इस्तीफे के बाद प्रदेश महासचिव राजेश भरावा सहित एनएसयूआई जिला अध्यक्ष ने पद से त्यागपत्र
रतलाम, 17 नवंबर (इ खबरटुडे)। जिले में कांग्रेस पार्टी में इस समय पद से इस्तीफे की बौछार लगी हुई है। आज सुबह नव नियुक्त जिला अध्यक्ष हर्ष विजय गहलोत ने अपने पद से इस्तीफा दिया ही था कि दोपहर तक प्रदेश के महासचिव एवं मंदसौर के प्रभारी पद पर नियुक्त राजेश भरावा सहित एनएसयूआई जिला अध्यक्ष राहुल शर्मा ने भी कांग्रेस पार्टी के पद से त्यागपत्र दे दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिले में कल बुधवार रात में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष की हुई घोषणा के बाद से जिले में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी के इस्तीफे की बौछार लगातार बढ़ रही है। गुरुवार को जिले के सैलाना पूर्व विधायक एवं नवनियुक्त जिला अध्यक्ष हर्ष विजय गहलोत ने अपने पद का त्यागपत्र प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नाम दिया है। त्यागपत्र में श्री गहलोत ने पारिवारिक दायित्व एवं सैलाना विधानसभा क्षेत्र का दायित्व पूर्ण रूप से नहीं करना बताया। दोनों कारणों का हवाला देते हुए त्यागपत्र सौंपा है।
दोपहर होते होते कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और नीमच मंदसौर विधानसभा के प्रभारी राजेश भरावा ने भी कांग्रेस पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं करने का हवाला देते हुए अपने पद से त्यागपत्र प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नाम सौपा। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष राहुल शर्मा ने भी अपने पद से त्यागपत्र सौंप दिया है। हालांकि प्रदेश के हाईकमान ने अभी किसी भी पदाधिकारियों का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार त्यागपत्र की खबरो के बाद प्रदेश के हाईकमान ने गेहलोत सहित सभी पदाधिकारियों को मनाने के लिए पीसीसी से जिला प्रभारी और सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल भोपाल से सैलाना के लिए रवाना हुए है।

