रतलाम / पांच वर्षीय मासूम की पानी के होद में डूबने से मौत, परिजनों में मचा कोहराम
रतलाम, 21 सितंबर(इ खबर टुडे)। शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत ग्राम नेपाल में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। घर के आंगन में अकेले खेल रहा एक 5 वर्षीय मासूम अचानक पानी के होद में गिर गया, जिससे पानी में डूबने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ईश्वरथूनी के समीप ग्राम नेपाल निवासी अर्जुन (5) पिता बहादुर डाबी बीते दिन रविवार शाम करीब 4 बजे अपने घर के आंगन में खेल रहा था। उस दौरान घर के अन्य सदस्य अपने-अपने कामों में व्यस्त थे। पिता बहादुर काम पर गए हुए थे, माता श्यामा बाई खेत में चारा काटने गई थीं, दादी बकरी चराने गई थीं और दादा किसी काम से बाहर गए हुए थे। मासूम का बड़ा भाई नीतिक (7) भी पड़ोस में खेलने चला गया था।
घर में अकेले खेल रहे अर्जुन का अचानक संतुलन बिगड़ा और वह आंगन में ही बने पानी के होद में जा गिरा। कुछ देर बाद जब माता श्यामा बाई खेत से चारा काटकर घर वापस लौटीं, तो उन्होंने मासूम अर्जुन को पानी के होद में अचेत पड़ा देखा।
परिजनों ने आनन-फानन में मासूम को होद से बाहर निकाला और इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। हालांकि, डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच व उपचार के बाद बालक को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

