Movie prime

 श्री बड़ा रामद्वारा रतलाम में पंच दिवसीय वार्षिक बरसी महोत्सव का श्रद्धा एवं भक्ति के साथ समापन

 अखंड रामनाम जप और गुरुवाणी का पाठ संपन्न 
 
 *** विभिन्न स्थानों से पधारे संत-महंत
*** भजन जागरण एवं पूजन कार्यक्रम भी हुआ 

 

रतलाम,27 नवंबर (इ खबर टुडे)। श्री बड़ा रामद्वारा रतलाम, मध्य प्रदेश में आयोजित पंच दिवसीय वार्षिक बरसी महोत्सव का शुक्रवार, 27 नवंबर  को रामस्नेही संप्रदाय आचार्य पीठ रामधाम खेड़ापा, जोधपुर के उत्तराधिकारी संत श्री गोविंदराम जी शास्त्री के सान्निध्य में श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ समापन हुआ। विगत चतुर्दशी से रामद्वारा परिसर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी रामस्नेही संप्रदाय के महंत संत पुष्पराज रामस्नेही के निर्देशन में पंच दिवसीय अखंड रामनाम जप एवं गुरुवाणी अखंड पाठ का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में रामस्नेही संप्रदाय के विभिन्न स्थानों से संत-महंतों का आगमन हुआ तथा श्रद्धालुओं ने सत्संग, सेवा और साधना का लाभ प्राप्त किया।


बरसी महोत्सव में अहमदाबाद, गुजरात से ओमदास जी महाराज, मंदसौर से सनमुखराम जी महाराज, जोधपुर रामद्वारा से हनुमानदास जी महाराज एवं देवराम जी महाराज, संत शालगराम गौतमपुरा, साधु किशनदास ओसियां से माधोदास जी महाराज तथा मारवाड़ के संतवाणी भजन गायक मोहनदास जी सहित अनेक संतों का पदार्पण हुआ। संतों की उपस्थिति से रामद्वारा परिसर भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहा।


आयोजन के अंतर्गत भंडारे एवं संत सत्कार समारोह में रतलाम विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं रामद्वारा ट्रस्ट के ट्रस्टी गोविंदजी काकाणी तथा ट्रस्टी तुषार कोठारी ने सभी पधारे संत-महंतों का आत्मीय स्वागत-सत्कार कर सम्मान किया। संतों के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान भाव के साथ आयोजित इस सेवा कार्य में ट्रस्ट की ओर से संतों का अभिनंदन किया गया।


आयोजन के दौरान 26 नवंबर की रात्रि को श्री कनीराम जी महाराज, जो श्री रामद्वारा रतलाम के द्वितीय महंत थे, उनके निर्वाण दिवस के उपलक्ष्य में बरसी जागरण का आयोजन किया गया। जागरण में रामधाम खेड़ापा के उत्तराधिकारी संत श्री गोविंदराम जी शास्त्री ने अपने प्रवचन में सेवा, गुरु निष्ठा एवं समर्पण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भक्तों को गुरु परंपरा के प्रति श्रद्धा, सेवाभाव एवं समर्पण को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। वहीं पधारे संतों ने भक्ति भाव से भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर किया तथा रामनाम की महिमा का गुणगान किया।


पंच दिवसीय महोत्सव के अंतिम दिन 27 नवंबर को प्रातःकाल धार्मिक परंपराओं के अनुसार निज मंदिर में गुरुवाणी पूजन, दिव्य देवालय में देवालय शिखर पूजन एवं पादुका पूजन संपन्न हुआ। इसके पश्चात मंगल आरती के साथ पंच दिवसीय वार्षिक बरसी महोत्सव का विधिवत समापन किया गया।
इस अवसर पर रामस्नेही संप्रदाय के संत-महंतों, रामस्नेही भक्तगणों सहित रतलाम शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने अखंड रामनाम जप, गुरुवाणी पाठ, संत प्रवचन एवं भजन सत्संग के माध्यम से आध्यात्मिक वातावरण में धर्म, सेवा एवं गुरु भक्ति का लाभ प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान श्री बड़ा रामद्वारा परिसर रामनाम, भक्ति, संतवाणी एवं श्रद्धा से गुंजायमान रहा।