07 साल से फरार कड़ियां सांसी गिरोह के 5 इनामी बदमाश गिरफ्तार, 6.5 लाख के जेवर बरामद
रतलाम पुलिस की बड़ी सफलता: 'ऑपरेशन क्लीन' के तहत स्टेशन रोड थाना पुलिस ने की कार्रवाई
रतलाम,22 मई (इ खबर टुडे)। जिले में अपराधियों की धरपकड़ और चोरी-नकबजनी के मामलों के त्वरित निराकरण के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन” के तहत रतलाम पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना स्टेशन रोड पुलिस ने करीब सात वर्षों से फरार चल रहे कुख्यात कड़ियां सांसी गिरोह के पांच इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी गए लगभग 6.5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना स्टेशन रोड पर वर्ष 2019 में चोरी का एक मामला (अपराध क्रमांक 164/2019, धारा 379, 380, 457 IPC) दर्ज किया गया था। इस वारदात के बाद से ही कड़ियां सांसी गिरोह के आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। आरोपियों की गिरफ्तारी पर 25,000 रुपये का इनाम भी घोषित था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक अजय सारवान के मार्गदर्शन में स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र पाल सिंह जादौन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मुखबिरों से मिली सटीक सूचना, तकनीकी विश्लेषण (साइबर सेल की मदद) और लगातार पीछा कर राजगढ़ जिले के बोडा थाना क्षेत्र के रहने वाले इन आरोपियों को घेराबंदी कर दबोच लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सारा माल बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
मोहरसिंह पिता नन्दनसिंह सासी (46 वर्ष) — निवासी: ग्राम कड़िया, राजगढ़
बबलु उर्फ बब्बु पिता सुमेरसिंह सासी (32 वर्ष) — निवासी: ग्राम गुलखेड़ी, राजगढ़
कृष्णाबाई पति वीरु सासी (45 वर्ष) — निवासी: ग्राम कड़िया, राजगढ़
कोहिनूर पिता मोहरसिंह (25 वर्ष) — निवासी: ग्राम कड़िया, राजगढ़
मिनाक्षी पति बबलू उर्फ बब्बू (30 वर्ष) — निवासी: ग्राम गुलखेड़ी, राजगढ़
जप्त आभूषण
(कीमत लगभग ₹6.5 लाख)
एक जोड़ी सोने की हाथ की पाटली
एक जोड़ी सोने के कान के टाप्स
दो सोने के नाक के कांटे
एक सोने की सिर की माथरिया
एक सोने की नाक की नथनी
एक जोड़ी चांदी की पायजेब
सराहनीय भूमिका
इस बेहद पेचीदा और पुराने मामले का खुलासा करने वाली टीम में स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्र पाल सिंह जादौन, उपनिरीक्षक मुकेश सस्तिया, उपनिरीक्षक जगदीश यादव, सउनि. प्रदीप शर्मा, सउनि. मांगीलाल भाटी, प्रधान आरक्षक दिनेश जाट, प्रधान आरक्षक हेमंत परमार, महिला आरक्षक सीमा दायमा, आरक्षक जितेंद्र चौधरी, आरक्षक प्रेमसिंह और साइबर सेल टीम की मुख्य व सराहनीय भूमिका रही। एसपी अमित कुमार ने पूरी टीम के कार्य की सराहना की है।

