Movie prime

रतलाम प्रशासन का कड़ा संदेश: शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर दर्ज होगी FIR, गुंडा तत्वों को भेजा जाएगा जेल

वसूली करने वाले किन्नरो पर होगी कार्यवाही
 

​रतलाम, 05 सितंबर(इ खबर टुडे)। आगामी अनंत चतुर्दशी और अन्य त्यौहारों पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर अजय कटेसरिया और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने संयुक्त समीक्षा बैठक ली। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जिले में उपद्रवी तत्वों और माहौल खराब करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जाए।

कलेक्ट्रेट में हुईं ​बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि माहौल बिगाड़ने, अनावश्यक भीड़ जुटाने और शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध तुरंत वैधानिक कार्रवाई कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आदतन और गुंडा तत्वों को प्रभावी रूप से बॉन्ड ओवर कराया जाएगा। नियम तोड़ने वालों को सीधे जेल भेजने और लगातार अपराध करने वालों पर जिला बदर की कार्रवाई की जाएगी।

​अतिक्रमण और जमीन राजस्व और पुलिस विभाग मिलकर जमीन विवादों को सुलझाएंगे। पक्के या कच्चे अतिक्रमण को हटाने में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किन्नरों द्वारा की जाने वाली वसूली की शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। अधिकारियों को संबंधित व्यक्तियों के पहचान दस्तावेजों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों, जुलूस मार्गों और आयोजन स्थलों पर कड़ी सुरक्षा रहेगी। एट्रोसिटी एक्ट के लंबित मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

​कलेक्टर और एसपी ने सभी एसडीएम और एसडीओपी को स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों व आयोजकों के साथ बैठक कर त्यौहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।