रतलाम / स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, जिले में पांच झोलाछाप डॉक्टरों पर एफआईआर दर्ज
रतलाम,10 मई (इ खबर टुडे)। आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले झोलाछाप डॉक्टरों के विरुद्ध प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सरवन थाना पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए क्षेत्र के पांच कथित डॉक्टरों के खिलाफ मध्य प्रदेश राज्य आयुर्विज्ञान अधिनियम 1956/1958 की धारा 24 के तहत मामला दर्ज किया है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरवन के चिकित्सा अधिकारी बीएमओ डॉ. रविन्द्र डामोर की लिखित शिकायत पर पुलिस ने सरवन क्षेत्र में अवैध रूप से क्लीनिक संचालित कर रहे आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया। पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, आरोपियों में फर्जी डॉक्टर मुकेश निनामा निवासी सदर बाजार सरवन, अवनी कुमार टिकादार निवासी बांसवाड़ा रोड सरवन, चन्द्रप्रकाश जोशी निवासी सैलाना और संजय बिसवास निवासी कुण्डा थाना सरवन शामिल हैं। इन सभी पर बिना किसी वैध डिग्री या पंजीयन के एलोपैथिक पद्धति से उपचार करने और लोगों की जान जोखिम में डालने का आरोप है।
इसी तरह बेड़दा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. नितेश कुमार जोशी ने पुलिस को बताया कि 05 मई को जाँच के दौरान धन्नालाल डोडिया निवासी सेमलिया, थाना नामली ग्राम बेड़दा स्थित केदारेश्वर महादेव मेडिकल जनरल स्टोर पर अवैध रूप से डॉक्टरी करते पाया गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर धन्नालाल के विरुद्ध भी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।

