सर्वाइकल कैंसर एवं टीकाकरण को लेकर महिला पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों व पुलिस परिवार की महिलाओं को किया गया जागरूक
रतलाम, 22 जुलाई (इ खबर टुडे)। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में रतलाम पुलिस स्टाफ एवं उनके परिवार के कल्याण तथा स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस लाइन स्थित सामुदायिक भवन में एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 200 महिलाओं ने सहभागिता कर विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य महिला पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों और पुलिस परिवार की महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर, उसके बचाव, प्रारंभिक जांच तथा टीकाकरण के प्रति जागरूक करना रहा।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव
शिविर में मुख्य अतिथि चिकित्सक डॉ. स्वर्णा सरस्वती एवं डॉ. सुनीता वाधवानी (प्रेसिडेंट, ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनिक सोसाइटी) ने महिलाओं को संबोधित किया। चिकित्सकों ने सर्वाइकल कैंसर के कारणों, प्रारंभिक लक्षणों और इससे बचाव के तरीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। समय-समय पर आवश्यक स्वास्थ्य जांच कराने के महत्व को रेखांकित करते हुए चिकित्सकों ने कैंसर से बचाव में वैक्सीन (टीकाकरण) की भूमिका को अत्यंत प्रभावी बताया। सत्र के दौरान उपस्थित महिलाओं ने सर्वाइकल कैंसर व टीकाकरण से जुड़े सवाल पूछे, जिनका चिकित्सकों ने बेहद सरल और विस्तृत रूप से समाधान किया।
पिछले प्रयासों के दिखे सकारात्मक परिणाम
रतलाम पुलिस द्वारा स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का यह सिलसिला लगातार जारी है। वर्ष 2025 में आयोजित शिविर से प्रेरित होकर पुलिस परिवार की 65 महिलाओं ने स्वेच्छा से सर्वाइकल कैंसर का टीकाकरण करवाया था। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया।
वरिष्ठ महिला अधिकारी रहीं मौजूद
कार्यक्रम के दौरान डीएसपी श्रीमती पार्वती गौड़, डीएसपी श्रीमती गायत्री सोनी, रक्षित निरीक्षक श्रीमती मोनिका चौहान, निरीक्षक श्रीमती रेखा चौधरी, निरीक्षक श्रीमती प्रेमलता खत्री एवं निरीक्षक श्रीमती पिंकी आकाश सहित बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी व उनके परिजन उपस्थित रहे।
रतलाम पुलिस प्रशासन का कहना है कि अधिकारी-कर्मचारियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

