प्रेम विवाह से नाराज ससुर ने की थी दामाद की हत्या की कोशिश, साथी संग गिरफ्तार
रतलाम, 14 नवंबर(इ खबर टुडे)। रेलवे स्टेशन परिसर में करीब एक माह पहले युवक पर हुए जानलेवा हमले की गुत्थी जीआरपी (शासकीय रेलवे पुलिस) ने सुलझा ली है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी ससुर और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल बरामद कर ली है। प्रेम विवाह की रंजिश के चलते ससुर ने अपने दामाद को रास्ते से हटाने के लिए उस पर फायरिंग की थी।
जीआरपी पुलिस के अनुसार, घटना 19 अक्टूबर की है। फरियादी सुनील प्रजापत (29) ट्रेन से उतरकर रेलवे स्टेशन परिसर स्थित 'रेस्टोरेंट ऑन व्हील' के पीछे से गुजर रहा था। इसी दौरान घात लगाए बैठे आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उस पर दो राउंड फायर किए। एक गोली सुनील की पीठ में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। बाद में वडोदरा के एक अस्पताल में ऑपरेशन कर उसकी पीठ से गोली निकाली गई।
मुखबिर और साक्ष्यों से खुला राज
घटना के बाद से ही जीआरपी की टीम आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और गहन विवेचना के आधार पर पुलिस मुख्य आरोपी कोमल सिंह पंवार पिता शंभू सिंह पंवार (49), निवासी जूनी कलाल सेरी (रतलाम) तक पहुंची। पूछताछ में सामने आया कि कोमल सिंह घायल सुनील का ससुर है। सुनील ने उसकी बेटी से प्रेम विवाह किया था, जिससे वह नाराज चल रहा था। इसी रंजिश में उसने नागदा जंक्शन (जिला उज्जैन) के जवाहर मार्ग निवासी अपने साथी गौरव नागदा पिता जवाहरलाल नागदा (37) के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाईं
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त पिस्टल जब्त कर ली है। प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धाराओं का इजाफा कर दोनों को न्यायालय में पेश किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सोहनलाल पाटीदार, सउनि नौशाद खान, सउनि शिव सिंह सहित आरक्षक संजय, लवेंद्र भट्ट, अंकित शेखावत, अभिषेक, भूपेन्द्र और रिषभ की सराहनीय भूमिका रही।

