रतलाम / अंधे कत्ल का खुलासा, संपत्ति विवाद में महिला की हत्या करने वाले पिता-पुत्र गिरफ्तार
रतलाम,16सितंबर(इ खबर टुडे)। जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम नयाखेड़ा में हुई महिला की सनसनीखेज हत्या के मामले में रतलाम पुलिस ने सफलता हासिल करते हुए अंधे कत्ल का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने संपत्ति विवाद और सामाजिक बदनामी के डर से महिला की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने वाले प्रेमी और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चार दिन पूर्व 11 सितंबर की सुबह ग्राम नयाखेड़ा निवासी फरियादी अन्नुसिंह डामोर ने थाने में सूचना दी कि उनकी रिश्तेदार देवीबाई (पति स्व. रायसिंह डामोर) का शव घर के बरामदे में खून से लथपथ हालत में पड़ा है। अज्ञात आरोपी ने सिर और कान के पास धारदार हथियार से वार कर उनकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में बनी विशेष टीम
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अति. पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पान्द्रो, विवेक कुमार लाल और एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला व डीएसपी अजय सारवान के नेतृत्व में अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही बसंतीलाल उर्फ गुड्डा (32) और उसके पिता बद्दा डामर (60) निवासी नयाखेड़ा को हिरासत में लेकर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, जिसमें दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक धारदार कुल्हाड़ी, घटना के समय पहने गए कपड़े और दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं।
हत्या की वजह जमीन का विवाद और बदनामी का डर
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतिका देवीबाई और आरोपी बसंतीलाल के बीच वर्ष 2017 से संबंध थे। सामाजिक सहमति के आधार पर बसंतीलाल के पिता बद्दा डामर ने मृतिका को मकान देने और अपनी जमीन का आधा हिस्सा देने की बात कही थी। मकान तो बना दिया गया, लेकिन जमीन का हिस्सा देने से मना करने पर दोनों पक्षों में लगातार विवाद होता रहता था। विवाद और बदनामी से बचने तथा जमीन का हिस्सा न देना पड़े, इस वजह से पिता-पुत्र ने मिलकर 11 सितंबर की तड़के करीब 3 बजे कुल्हाड़ी से वार कर देवीबाई की हत्या कर दी।
सराहनीय भूमिका
अंधे कत्ल का खुलासा करने में थाना प्रभारी उ.पु.अ. सुरेंद्रसिंह गड़रिया, थाना प्रभारी शिवगढ़ निरीक्षक रणजीतसिंह मकवाना, निरीक्षक अर्जुन सेमलिया, कन्हैया अवस्या, साइबर टीम के उपनिरीक्षक जीवन बारिया एवं पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।

