प्रधानमंत्री कृषक सूर्य मित्र योजना : किसानों को मिल रही सोलर पंप की सौगात
रतलाम, 24 जनवरी(इ खबर टुडे)। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पी.एम. कुसुम योजना का घटक-ब प्रदेश में ‘’प्रधानमंत्री कृषक सूर्य मित्र योजना’’ के नाम से संचालित है, जिसके अंतर्गत रतलाम जिले के किसानों के लिए सिंचाई की सुविधा और भी आसान हो रही है। जिले में ऑफग्रिड सोलर पंपों की स्थापना का कार्य तेजी से प्रगति पर है, जिससे किसानों की बिजली पर निर्भरता कम होगी तथा खेती की लागत में उल्लेखनीय कमी आएगी।
इस योजना के अंतर्गत सोलर पंप स्थापना के लिए अत्यंत सरल एवं लाभकारी वित्तीय ढांचा तय किया गया है जिसमें किसान अंशदानः केवल 10 प्रतिशत, केंद्र सरकार का अनुदानः 30 प्रतिशत, बैंक ऋणः शेष 60 प्रतिशत (ऋण की गारंटी मध्यप्रदेश शासन द्वारा दी जा रही है।) ऋण प्रक्रिया को आसान बनाने हेतु सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को नोडल बैंक नियुक्त किया गया है।
योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया
योजना का लाभ प्राप्त करने एवं वेंडर द्वारा कार्य प्रारंभ करने के लिए ऋण स्वीकृति अनिवार्य है। इसके लिए-कुसुम-B राज्य पोर्टल से AIF (Agriculture Infrastructure Fund) में ऑनलाइन आवेदन नोडल बैंक में किसान का खाता एवं CIF की उपलब्धता डिजिटल लेंडिंग के माध्यम से बैंक द्वारा ऋण की अंतिम स्वीकृति की जाएगी।
जिले में अब तक की प्रगति
31 दिसंबर 2025 तक रतलाम जिले में 1119 आवेदनों के वर्क ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं। इस योजना से किसानों को दिन के समय निर्बाध सिंचाई, कम लागत में खेती तथा पर्यावरण संरक्षण में सहभागिता का लाभ मिल रहा है।

