Ratlam News: कर्मचारियों ने दिया अल्टीमेटम, प्रकरण वापस नहीं लिया तो बुधवार से करेंगे हड़ताल
Ratlam News: रतलाम में मृत गाय के बछड़े को कचरा गाड़ी मैं ले जाने के आरोपों पर नगर निगम द्वारा की गई एकतरफा कार्रवाई के विरोध में अब नगर निगम संयुक्त सफाई कर्मचारी संघर्ष समिति ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को समिति साफतौर पर चेतावनी दी है कि कर्मचारियों पर दर्ज कराए गए झूठे प्रकरण तत्काल वापस लिए जाएं। दोनों को काम पर चढ़ाया जाए। ऐसा नहीं हुआ तो 10 सितंबर यानी बुधवार से सफाई बंद करके कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। समिति ने इसकी जवाबदारी भी निगम प्रशासन पर डाल दी है।
मंगलवार को साथी कर्मचारियों पर हुई कार्रवाई का विरोध करते हुए पदाधिकारी और सफाई कर्मचारी निगम पहुंचे। कार्रवाई के विरोध में नारे लगाते हुए महापौर और निगम अध्यक्ष के नाम ज्ञापन दिया। इसमें मांग की गई है कि कचरा संग्रहण वाहन से गिरने पर बछड़ा बजरंग दल वालों को मिला। उसके बाद उनके द्वारा ड्राइवर और हेल्पर से मारपीट की गई, जो गलत है। धार्मिक संगठन के कहने पर बिना सुनवाई का मौका दिए ड्राइवर और हेल्पर को कसूरवार ठहराकर प्रकरण दर्ज करके सेवा से हटा दिया गया। इसका समिति विरोध करती है। उन पर लगाया गया प्रकरण तत्काल वापस लिया जाए। इतना ही नहीं समिति ने कहा है कि अब बोरे में कचरा आने पर पहले खाली करवाकर चेक किया जाएगा, उसके बाद वाहन में भरेंगे।
दिनभर चली समझाइश लेकिन नहीं माने
पदाधिकारी समिति की चेतावनी के बाद नगर निगम के अधिकारी दिनभर समिति पदाधिकारियों से बात करके समझाते रहे लेकिन वे टस से मस नहीं हुए। उनका कहना है कि मांगे नहीं मानी तो बुधवार से हड़ताल होगी। इस मुद्दे को लेकर समिति ने जिला प्रशासन को भी ज्ञापन दिया है। इस दौरान राम कल्याणे, संजय पेमाल, कमल भाटी, विजय खरे, कमल शिंदे, अशोक हाड़े, यशवंत फतरोड़ समेत अन्य कर्मचारी साथ रहे।
यह है मामला
सोमवार 8 सितंबर को सागोद रोड पर मृत गाय का बछड़ा मिला था। धार्मिक संगठनों ने नगर निगम के डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन से गिरने की बात कहते हुए सागोद रोड और निगम परिसर में प्रदर्शन किया था। इस पर निगम ने ड्राइवर सादिक कुरैशी और हेल्पर करण गोसर को नौकरी से हटा दिया था। दरोगा सतीश चौहान को निलंबित और जोन प्रभारी पर्वत हाड़े और तरुण राठौर को कारण बताओ नोटिस दिया था।
बुधवार से सफाई बंद रहेगी। ड्राइवर, हेल्पर पर झूठा प्रकरण दर्ज कराया गया है। प्रशासन से बात की लेकिन किसी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया।-कमल भाटी, प्रदेश अध्यक्ष-अभा सफाई मजदूर कांग्रेस
कर्मचारियों पर झूठे आरोप लगाते हुए मारपीट की। निगम अधिकारियों ने प्रकरण भी दर्ज करा दिया। मांगे नहीं मानी तो 10 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल होगी।-रामकल्याणे, अध्यक्ष ननि सफाई कर्मचारी संघ
सीसीटीवी फुटेज चेक करते पता लगाने की कोशिश कर रहे है कि गाय का बछड़ा बोरी में बांधकर किसने और कहां रखा। उसकी पहचान होते ही संबंधित पर कार्रवाई करेंगे। मनीष डाक्र, टीआई-दीनदयाल नगर