रतलाम / एटीएम कार्ड बदलकर बुजुर्ग से 78 हजार की ठगी, मदद के बहाने युवकों ने दिया चकमा
रतलाम,26 नवंबर (इ खबर टुडे)। शहर में एटीएम कार्ड बदलकर बैंक खातों से रकम उड़ाने वाले बदमाश एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। ताजा मामले में बदमाशों ने 80 फीट रोड स्थित एसबीआई (SBI) बैंक के बाहर लगे एटीएम पर रुपए निकालने पहुंचे एक बुजुर्ग को अपना निशाना बनाया। दो युवकों ने मदद करने के बहाने बुजुर्ग को बातों में उलझाया और बड़ी चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। कुछ ही देर में बदमाशों ने बुजुर्ग के खाते से 78 हजार रुपए निकाल लिए।
जानकारी के अनुसार, नरीमन पॉइंट निवासी महिपाल सिंह राठौड़ गुरुवार सुबह 80 फीट रोड स्थित एसबीआई के एटीएम पर रुपए निकालने पहुंचे थे। वे राशि निकालकर बाहर निकले ही थे कि दो युवक उनके पास आए और कहा, "अंकल, आपका एटीएम कार्ड अभी चालू रह गया है।" महिपाल सिंह ने बताया कि वे पूरी प्रक्रिया के बाद ही बाहर आए हैं, लेकिन युवक उन्हें यह समझाते रहे कि प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है और कार्ड दोबारा मशीन में लगाना होगा।
मदद का झांसा देकर बदला कार्ड
युवकों की बातों में आकर महिपाल सिंह दोबारा एटीएम के अंदर गए और कार्ड मशीन में लगाया। इसी दौरान दोनों युवकों ने उन्हें उलझाकर चालाकी से कार्ड बदल दिया और वहां से निकल गए। बदमाशों ने इतनी सफाई से वारदात को अंजाम दिया कि बुजुर्ग को तत्काल इसकी भनक तक नहीं लगी।
हनुमान ताल पहुंचते ही उड़े होश
एटीएम से निकलने के बाद महिपाल सिंह टहलते हुए हनुमान ताल पहुंचे। वहां उन्होंने अपने बैंक खाते का बैलेंस चेक किया तो उनके होश उड़ गए, क्योंकि खाते से 78 हजार रुपए निकल चुके थे। उन्होंने तुरंत अपने बेटे दीपेंद्र सिंह ठाकुर को फोन कर घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे बेटे ने जब पिता का एटीएम कार्ड देखा तो पता चला कि बदमाश असली कार्ड बदलकर ले गए हैं। इसके बाद पिता-पुत्र को ठगी का अहसास हुआ।

