रतलाम / जमीन विवाद में बुजुर्ग की हत्या, चार फरार आरोपी 12 घंटे में गिरफ्तार
रतलाम, 18 जुलाई (इ खबर टुडे)। आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ावदा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लसुडिया जंगली गांव में हुई वृद्ध महिला की हत्या के मामले में कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर चारों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल एवं प्रभारी एसडीओपी जावरा युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में किया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते दिन शुक्रवार को ग्राम लसुडिया जंगली में एक पुराने मकान पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष के अजय, मंजु, साईता और भागवंताबाई ने मिलकर 70 वर्षीय कमलाबाई (पति नंदूलाल बागरी), रविना और काजल के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट कर दी।
मारपीट के दौरान गंभीर चोट आने से कमलाबाई मौके पर ही बेहोश हो गईं। परिजन उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जावरा ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। बड़ावदा पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 236/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 296(a), 115(2), और 3(5) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सायबर सेल की मदद से घेराबंदी, सभी आरोपी दबोचे
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। थाना प्रभारी बड़ावदा निरीक्षक संतोष चौरसिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने सायबर सेल रतलाम की मदद से तकनीकी इनपुट जुटाए।
थाना बड़ावदा और चौकी सुखेड़ा पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर पहले मुख्य आरोपी अजय को हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर घटना में शामिल अन्य तीनों महिला आरोपियों को भी दस्तयाब कर लिया। कड़ी पूछताछ में चारों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिन्हें पुलिस द्वारा न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
अजय पिता शंकरलाल (उम्र 26 वर्ष), निवासी ग्राम लसुडिया जंगली।
भागवंताबाई पति शंकरलाल (उम्र 45 वर्ष), निवासी ग्राम लसुडिया जंगली।
मंजु पति गोपाल परमार (उम्र 22 वर्ष), निवासी ग्राम खोखरा (सैलाना), हाल मुकाम लसुडिया जंगली।
साईता पिता शंकरलाल (उम्र 19 वर्ष), निवासी ग्राम लसुडिया जंगली।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ावदा थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष चौरसिया, उपनिरीक्षक एम.एल. बड़ोदिया, एएसआई शिवजी यादव, प्रधान आरक्षक दिनेश सिंह तोमर, आरक्षक गोपाल सिंह सोनगरा सहित सायबर सेल रतलाम के प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, आरक्षक विपुल भावसार, आरक्षक मयंक और सुखेड़ा चौकी के आरक्षक प्रेम मीणा व जितेन्द्र की मुख्य भूमिका रही। एसपी ने पूरी टीम की सराहना की है।

