Movie prime

 रतलाम / शराबी पति ने अंडे की सब्जी बनाने को लेकर पत्नी को लाठी से पीटा, जान से मारने की धमकी दी

 
 

रतलाम,18 मई (इ खबर टुडे)। जिले के ताल थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार शाम को मामूली बात पर पति-पत्नी में विवाद हो गया, जहां एक शराबी पति ने अंडे की सब्जी बनाने में हुई मामूली देरी से नाराज होकर अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने आए परिजनों के सामने भी आरोपी ने पीड़िता को पीटना जारी रखा और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​पुलिस में दर्ज प्राथमिकी (FIR) के अनुसार, पीड़िता ताल के समीप रामगढ़ गांव की रहने वाली है और गृहणी है। पीड़िता ने बताया कि उसका पति कमल आए दिन शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता है। घटना वाले दिन शाम करीब 05:30 बजे कमल अत्यधिक शराब के नशे में घर आया और पत्नी पर तुरंत अंडे की सब्जी बनाने का दबाव बनाने लगा।

​पीड़िता ने जब कहा कि वह अभी घर के दूसरे काम में व्यस्त है और थोड़ी देर बाद सब्जी बना देगी, तो कमल आगबबूला हो गया। उसने आपा खोते हुए पत्नी को अत्यंत अश्लील गालियां देना शुरू कर दिया।

​लाठी से किया हमला, बीच-बचाव करने आए परिजनों को भी धमकाया
​विवाद बढ़ने पर आरोपी कमल ने हाथ में रखी लकड़ी (लाठी) से अपनी पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसके सिर और कमर में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपी ने उसके बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया।

​चीख-पुकार सुनकर पीड़िता की काकिया सास गीताबाई और काकिया ससुर रमेश बागरी ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और पीड़िता को बचाया। इस दौरान पीड़िता ने अपने भाई भारत को फोन कर मदद के लिए बुलाया, तो आरोपी कमल ने भाई के सामने भी गाली-गलौज की।

​पीड़िता का बयान
"मेरे पति ने मुझसे साफ तौर पर कहा कि अगर मैंने उसके खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, तो वह मुझे जान से खत्म कर देगा। मैं डर गई थी, जिसके बाद अपने भाई भारत के साथ थाने आकर न्याय की गुहार लगाई है।" पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।