रतलाम / लापरवाही से कार चलाते हुए चालक ने किया 6 वर्षीय बच्ची को घायल, सीसीटीवी में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
रतलाम ,20 जुलाई (इ खबर टुडे )। शहर के सालाखेड़ी चौकी क्षेत्र अंतर्गत बजरंग नगर में एक बार फिर तेज और लापरवाही से वाहन चलाने का खामियाजा एक मासूम बच्ची को भुगतना पड़ा। यहाँ एक चार पहिया वाहन चालक ने तंग गली में घोर लापरवाही का प्रदर्शन करते हुए 6 वर्षीय मासूम बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में बच्ची की जान बाल-बाल बच गई, हालांकि उसके पैरों में चोटें आई हैं। दिल दहला देने वाला यह पूरा घटनाक्रम पास ही में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुई 6 वर्षीय बालिका अपने परिवार के साथ बजरंग नगर स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर आई हुई थी। घटना रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है, जब बच्ची घर के बाहर गली में बैठी हुई थी, तभी अचानक यह हादसा हो गया।
सीसीटीवी में दिखी साफ लापरवाही
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि क्षेत्र का ही रहने वाला पीरू अजमेरा नामक युवक अपनी स्विफ्ट कार (क्रमांक MP 09 R 0155) को एक बेहद संकरी गली से तेज रफ्तार में निकाल रहा था। इसी दौरान सामने से एक दो पहिया वाहन भी आ रहा था। रास्ता कम होने के बावजूद कार चालक ने गाड़ी की रफ्तार कम नहीं की और न ही उसे रोका। इसी दौरान गली के किनारे बैठी छोटी बच्ची कार के पिछले हिस्से की चपेट में आ गई और वाहन उसके पैर को कुचलता हुआ आगे निकल गया।

घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और घायल बच्ची को संभाला। गनीमत रही कि कार का पूरा पहिया बच्ची के ऊपर से नहीं निकला, जिससे उसके पैरों में मामूली चोटें आई हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

