Movie prime

 सावन के पहले ही दिन झमाझम बारिश, गर्मी और उमस से मिली राहत; दो बत्ती पर भरा पानी

 

 

​रतलाम, 30 जुलाई (इ खबर टुडे)। शहर में आखिरकार मानसून ने अपनी रंगत दिखाना शुरू कर दिया है। बीते कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस का सामना कर रहे रतलामवासियों को गुरुवार को बारिश ने बड़ी राहत दी। सावन का महीना शुरू होते ही पहले ही दिन दोपहर के बाद आसमान में काले बादल घिरे और देखते ही देखते झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया।

​तेज बारिश से पूरा शहर तरबतर हो गया और लंबे समय से बारिश की उम्मीद लगाए बैठे नागरिकों के चेहरे खिल उठे। बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।

​जल निकासी के दावों की खुली पोल
एक तरफ जहाँ इस बारिश से लोगों को राहत मिली, वहीं दूसरी तरफ नगर निगम के जल निकासी के दावों की पोल भी खुल गई। शहर के कई निचले इलाकों और प्रमुख चौराहों पर जल भराव की स्थिति निर्मित हो गई। शहर के व्यस्ततम इलाके दो बत्ती पर भारी जलभराव देखने को मिला, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

​स्थानीय निवासियों का कहना है कि सावन की पहली ही बारिश ने राहत के साथ-साथ शहर की व्यवस्थाओं की तस्वीर भी साफ कर दी है। यदि आने वाले दिनों में बारिश का यही दौर जारी रहा, तो जल भराव की समस्या और गहरा सकती है।