Movie prime

 तस्करों की नई चाल बेनकाब: बीड़ी के कार्टन में छिपाकर ले जा रहे थे 2.81 लाख का डोडाचूरा, रतलाम पुलिस ने दबोचा

 
 

रतलाम,06 जून (इ खबर टुडे)।  मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रतलाम पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तस्करों के नए पैंतरे को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने बीड़ी के कार्टन में छिपाकर ले जाए जा रहे 56.340 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा के साथ एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए डोडाचूरा की अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 2,81,700 रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराजसिंह चौहान के मार्गदर्शन में औद्योगिक क्षेत्र जावरा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश गाडरिया के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।

बस का इंतजार कर रहा था तस्कर, मुखबिर की सूचना पर दबोचा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते दिन शुक्रवार को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि महू-नीमच फोरलेन पर प्रेसिडेंट होटल के सामने जोयो तिराहा (जावरा) पर एक व्यक्ति सफेद रंग की प्लास्टिक थैलियों में बंद चौकोर कार्टन लेकर बस के इंतजार में खड़ा है, जिसमें भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ है।

सूचना की तस्दीक होते ही थाना प्रभारी प्रकाश गाडरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस ने संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से दो प्लास्टिक के बोरों के अंदर चार खाकी रंग के कार्टन मिले, जिन पर '30 नम्बर बीड़ी' प्रिंट था। जब पुलिस ने इन कार्टनों को खोला, तो उनके अंदर बीड़ी के बजाय कुल 56.340 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा भरा हुआ पाया गया।

नीमच का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सुनील पिता शंभूलाल मीणा (उम्र 26 वर्ष), निवासी ग्राम भाण्डिया, थाना मनासा, जिला नीमच के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पर अपराध क्रमांक 310/06.06.26 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस आरोपी सुनील मीणा को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेगी। रिमांड के दौरान आरोपी से सख्त पूछताछ की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह डोडाचूरा कहाँ से लाया था और इसे कहाँ सप्लाई करने जा रहा था। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के भी जल्द खुलासे की उम्मीद है।

सरहानीय भमिका
तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार करने में निरीक्षक प्रकाश गाडरिया, उनि कन्हैया अवास्या, उनि प्रतापसिंह भदौरिया, सउनि छगनलाल हाड़ा, प्र आर 52 संजय आंजना, आर 497 पवन, आर 134 योगेश, आर 756 प्रीतम, आर 683 रविन्द्रसिंह, आर 129 अभिजितसिंह, आर. गोपाल थाना औद्यौगिक क्षेत्र जावरा की सरहानीय भमिका रही।