Movie prime

 रतलाम / पानी पतासे का ठेला लगाने को लेकर विवाद, तीन युवकों ने दुकानदार को बेल्ट से पीटा, कुर्सियां फेंकी

 

​रतलाम, 23 मई(इ खबर टुडे)। शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत जवाहर नगर में पानी पतासे का ठेला लगाने की बात को लेकर एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एकता मैरिज गार्डन के पीछे जवाहर नगर निवासी फरियादी ने बताया कि वह बीमा हॉस्पिटल चौराहे पर पानी पतासे का ठेला लगाता है। रात करीब 09:30 बजे जवाहर नगर निवासी सूरज चावंड, गज्जू लोदवाल और रेलवे कॉलोनी निवासी नानू जाटवा वहां पहुंचे। तीनों ने आते ही फरियादी को वहां ठेला न लगाने की बात कहते हुए अभद्र गालियां देना शुरू कर दिया। जब पीड़ित ने गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपी सूरज चावंड ने अपना बेल्ट निकाल लिया और उस पर हमला कर दिया।

दी जान से मारने की धमकी
​मारपीट के दौरान आरोपी गज्जू लोदवाल और नानू जाटवा ने फरियादी को दबोच लिया, जिससे उसके बाएं कंधे पर चोटें आई हैं। जान बचाकर भागने के दौरान आरोपियों ने तोड़फोड़ करते हुए ठेले के पास लगी कुर्सियों को उठाकर फेंक दिया और नुकसान पहुंचाया। जाते-जाते आरोपियों ने धमकी दी कि "अगर आज के बाद यहां ठेला लगाया, तो जान से खत्म कर देंगे।"

​घटना के वक्त मौके पर मौजूद फरियादी के पिता दौलतसिंह और वहां से गुजर रहे राहगीरों ने बीच-बचाव किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।