Movie prime

महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर हैलोजन लगाने को लेकर विवाद: करणी सेना ने किया चक्काजाम, प्रशासन ने उतरवाई लाइटें

 

 

 

​रतलाम, 24 सितंबर (इ खबर टुडे)। गणेश उत्सव और गणेश विसर्जन की झांकियों के उपलक्ष्य में शहर के प्रमुख चौराहों व प्रतिमाओं पर की जा रही विद्युत सज्जा को लेकर विवाद खड़ा हो गया। सैलाना बस स्टैंड स्थित राष्ट्रनायक महाराणा प्रताप की प्रतिमा और उनके घोड़े पर गलत तरीके से हैलोजन लाइट लगाए जाने पर करणी सेना एवं राजपूत समाज ने कड़ा आक्रोश जताया। इसे प्रतिमा का अनादर बताते हुए कार्यकर्ताओं ने सैलाना बस स्टैंड चौराहे पर चक्काजाम कर जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को होने वाले गणेश विसर्जन, झांकियों और अखाड़ों के प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए शहर की विभिन्न प्रतिमाओं को सुसज्जित किया गया था। इसी दौरान महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर भी लाइटें लगाई गईं। करणी सेना का आरोप था कि हैलोजन लाइटों को जिस तरह से प्रतिमा व घोड़े पर बांधा गया, वह आपत्तिजनक और अपमानजनक प्रतीत हो रहा था। विरोध की सूचना मिलते ही राजपूत समाज के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

​पुलिस अधिकारियों की मुस्तैदी से खुला जाम
चक्काजाम की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) सत्येंद्र घनघोरिया, स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम तथा हाट की चौकी प्रभारी गौरव राजपूत पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की और समझाइश दी।

​पुलिस की मौजूदगी में हटाई गई लाइटें
पुलिस प्रशासन ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत प्रतिमा पर गलत तरीके से बांधी गई हैलोजन लाइटों को उतरवाया। इसके बाद आक्रोशित कार्यकर्ता शांत हुए और मार्ग पर आवागमन सुचारू रूप से शुरू हो सका। एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।