Movie prime

 रतलाम / मकान का प्लास्टर कराने की बात पर विवाद, युवक पर चाकू से हमला; चार पर FIR दर्ज

 

 

रतलाम, 25 अगस्त (इ खबर टुडे)। माणक चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करमदी में मकान के पीछे प्लास्टर कराने और मचान बांधने की पुरानी बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक के साथ जमकर मारपीट की गई। हमले में युवक पर चाकू से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की शिकायत पर माणक चौक पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

​पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित सुरेश पाटीदार (48 वर्ष) पिता लक्ष्मीनारायण पाटीदार निवासी ग्राम करमदी, सोमवार शाम करीब 4 बजे अपने घर के पीछे दीवार पर प्लास्टर कराने के लिए मचान बंधवा रहे थे। इसी दौरान पास की जमीन के मालिक कालू उर्फ सुनील (पिता कोमल पाटीदार) अपने तीन अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे और मचान बांधने का विरोध करते हुए गाली-गलौज करने लगे।

​जब सुरेश ने विवाद से इनकार करते हुए मचान हटाने की बात कही, तो आरोपियों ने उनके साथ हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपी के एक साथी ने जेब से चाकू निकालकर सुरेश के दाहिने पेट और बाएं हाथ की भुजा पर हमला कर दिया, जिससे वे लहूलुहान हो गए।

​घटना के समय मौके पर मौजूद राजेश पाटीदार, अशोक पाटीदार और अशोक पिता लक्ष्मीनारायण पाटीदार ने बीच-बचाव कर सुरेश की जान बचाई। जाते-जाते आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घायल सुरेश पाटीदार को तुरंत उपचार के लिए सरकारी अस्पताल रतलाम में भर्ती कराया गया।

​माणक चौक थाना पुलिस ने फरियादी सुरेश पाटीदार के बयानों के आधार पर आरोपी कालू उर्फ सुनील पाटीदार और उसके 3 अज्ञात साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।