Movie prime

 रतलाम / फोटो खींचकर व्हाट्सएप ग्रुप पर करते थे वायरल: रेकी कर चोरी करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार, 20-25 लोगों का गैंग सक्रिय

 

 

​रतलाम, 06 सितम्बर (इ खबर टुडे)। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों की वारदातों का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर पहले कॉलोनियों की रेकी करता था और बंद या सुनसान मकानों की फोटो खींचकर अपने गिरोह के ग्रुप में शेयर करता था।

औद्योगिक थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले कॉलोनियों में घूमकर रेकी करते थे। जिस मकान पर ताला लटका मिलता या जो घर सुनसान नजर आता, उसकी मोबाइल से फोटो खींच ली जाती थी। इसके बाद उस फोटो को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल कर तुरंत डिलीट कर दिया जाता था। हालांकि, पुलिस की तकनीकी जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल के रीसाइकिल बिन (Recycle Bin) से कुछ संदिग्ध फोटो बरामद हुए हैं, जिनसे उनकी कार्यप्रणाली का खुलासा हुआ।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार खाखा एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस ने संदेही मुन्ना गणावा (उम्र 31 साल), निवासी फुट तालाब बड़ा, थाना बोरी, जिला अलीराजपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

​कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी मुन्ना गणावा ने अपने साथियों के साथ मिलकर औद्योगिक क्षेत्र में लगातार चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के बताए अनुसार एक संदेही साथी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध चोरी मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से 10,000 नकद भी बरामद किए गए हैं।

​20-25 लोगों की टीम, कई जिलों में सक्रिय
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उनके गिरोह में लगभग 20 से 25 लोग शामिल हैं। यह गिरोह अलग-अलग जिलों (जैसे अलीराजपुर, टांडा जिला धार आदि) में जाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना बोरी (जिला अलीराजपुर) में मारपीट व महिला संबंधी 02 अपराध और 01 चोरी का मामला दर्ज है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया, जिससे अन्य वारदातों और साथियों का खुलासा हो सके।

​पुलिस की आमजन से अपील
थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने रहवासियों से सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र में कोई भी संदिग्ध व्यक्ति मकानों या गलियों की फोटो खींचता हुआ या बिना वजह घूमता दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

​पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में उनि. ध्यानसिंह सोलंकी, प्र.आर. अनिल सोलंकी, प्र.आर. दिलीप रावत, आर. रवि चंदेल, आर. गोविंद गहलोत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही उप निरीक्षक गायत्री सोनी, उनि. उदयभान राय, प्र.आर. राधेश्याम भिड़े, आर. मयंक जाटव, आर. पवन व साइबर सेल से उनि. जीवन बारिया की सराहनीय भूमिका रही।