माणकचौक पुलिस की कार्रवाई: 1.10 लाख रुपये की MDMA ड्रग्स के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार
रतलाम, 11 जुलाई (इ खबर टुडे)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत माणकचौक पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 11 ग्राम अवैध मादक पदार्थ MDMA (एमडी) बरामद किया गया है। जब्त ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही
है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, राकेश पंद्रो एवं सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में माणकचौक थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि मथुरी रोड स्थित गुलाब शाह दरगाह के पास एक व्यक्ति ड्रग्स की तस्करी के लिए खड़ा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम शादाब उर्फ भूरा पिता लईक अहमद खोखर (40 वर्ष), निवासी अशोक नगर, रतलाम बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 11 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज, खंगाला जा रहा नेटवर्क
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना माणकचौक में अपराध क्रमांक 372/2026 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट का मामला दर्ज किया है। आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। पुलिस अब आरोपी से यह पता लगाने में जुटी है कि वह यह नशा कहाँ से लाया था और रतलाम में इसे किसे सप्लाई करने वाला था।
आरोपी पर दर्ज हैं पूर्व में 4 मामले
गिरफ्तार आरोपी शादाब उर्फ भूरा पुराना आदतन अपराधी है। वर्तमान मामले को मिलाकर उसके खिलाफ कुल 5 गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें मुख्य रूप से साल 2013: धारा 307 (जानलेवा हमला), 294, 34 भादवि, साल 2015: धारा 13 जुआ एक्ट, साल 2019: धारा 498-ए, 506 (दहेज प्रताड़ना व धमकी), साल 2024: धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट (मादक पदार्थ तस्करी) शामिल हैं।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में माणकचौक थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान, उपनिरीक्षक शांतिलाल चौहान, प्रधान आरक्षक राजसिंह, विजय झोडिया, दीपक बोरासी, राजेश मईडा, आरक्षक महेश मईडा, मनोहर सिंह, हेमन्त यादव, जीवन विश्वकर्मा, अविनाश मिश्रा, संदीप शर्मा, खिलाड़ी जाट एवं महिला आरक्षक प्रवीणा की विशेष और सराहनीय भूमिका रही। एसपी अमित कुमार ने पूरी टीम की प्रशंसा की है।

