रतलाम के लॉ कॉलेज में बंद कमरे में 'कपल गरबा' पर विवाद, हिंदू संगठनों के विरोध के बाद कराया बंद (देखिये वीडियो)
रतलाम, 21 सितंबर (इ खबर टुडे)। शहर के आनंद कॉलोनी स्थित शासकीय कैलाशनाथ काटजू विधि महाविद्यालय (लॉ कॉलेज) परिसर में सोमवार को गणेश उत्सव के दौरान गरबा आयोजन को लेकर भारी हंगामा हो गया। कॉलेज परिसर के सभागार में ‘कपल गरबा’ आयोजित किए जाने की सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और तीखा विरोध जताते हुए कार्यक्रम को तुरंत बंद करवा दिया। विवाद की सूचना पर स्टेशन रोड थाना पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
आनंद कॉलोनी स्थित रतलाम एजुकेशन सोसाइटी परिसर में विद्यार्थियों द्वारा गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई है। सोमवार दोपहर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं को जानकारी मिली कि कॉलेज के बंद सभागार के भीतर विद्यार्थियों द्वारा ‘कपल गरबा’ का आयोजन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही हिंदू संगठन के प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता लॉ कॉलेज परिसर पहुंचे।
मौके पर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने बंद कमरे में इस तरह के आयोजन पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। संगठन के प्रतिनिधि सुनील राठौड़ ने बताया, "हमे सूचना मिली थी कि लॉ कॉलेज में इवेंट ऑर्गेनाइज कर गरबा फंक्शन चलाया जा रहा है। गरबा हमारी आस्था और संस्कृति का विषय है। यदि गरबा आयोजित करना ही है तो उसे खुले मैदान में मर्यादा और परंपरा के साथ किया जाना चाहिए। बंद कमरे में इवेंट के रूप में 'कपल गरबा' कराना बिल्कुल अनुचित है।"
हंगामे की जानकारी मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस मुकेश सस्तीया बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं और कॉलेज प्रशासन से बातचीत की। कॉलेज प्रशासन द्वारा आश्वासन दिया गया कि आगे से इस तरह की गलती नहीं होगी, जिसके बाद सर्वसम्मति से गरबा आयोजन को तुरंत प्रभाव से बंद करवा दिया गया। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गई। मोके पर संगठन के ऋषभ सुराणा, गनी शक्तावत, मंथन मुसले, माधव, हिन्दू जागरण मंच विजय यादव सहित संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

