Movie prime

 तीन माह से दूषित जल आपूर्ति से रतलाम के कई क्षेत्रों में रोष, इंदौर जैसी घटना दोहराने की आशंका​​​​​​​

 

​रतलाम,23 अगस्त(इ खबर टुडे)। नगर निगम की घोर लापरवाही के कारण विगत करीब तीन माह से शहर के टीआईटी रोड, भूत बंगला क्षेत्र, बैंक कॉलोनी और एचडीएफसी बैंक के पीछे की रोड सहित आसपास के इलाकों में गंदे और बदबूदार पानी की आपूर्ति की जा रही है। नालियों व सीवरेज लाइन के रिसाव से मिलकर आ रहे इस दूषित जल से सैकड़ों घरों के नागरिकों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। क्षेत्रवासियों ने महापौर और निगम आयुक्त से गुहार लगाई है कि इंदौर जैसी किसी गंभीर जनस्वास्थ्य त्रासदी से पूर्व इस समस्या का स्थाई समाधान किया जाए।

​स्थानीय निवासियों के अनुसार, एक दिन छोड़कर सुबह 6 बजे होने वाली जल आपूर्ति में शुरुआती 15 से 20 मिनट तक अत्यधिक दूषित, कीचड़युक्त और बदबूदार पानी आता है। जिन लोगों को इसकी जानकारी है, वे शुरुआती पानी को नालियों में बहा देते हैं और बाद में मिलने वाले 20 मिनट के साफ पानी को ही सहेज पाते हैं। इससे लोगों को पर्याप्त जल नहीं मिल पा रहा है। वहीं जिन घरों में सीधे ओवरहेड टैंक का कनेक्शन है, वहां यह दूषित पानी सीधे टंकियों में जमा होकर बीमारियों को न्योता दे रहा है।

​नागरिकों का दर्द और अधिकारियों के दावे
​एडवोकेट नरेंद्र सिंह चौहान व सुशील मिश्रा ने बताया कि दूषित पानी में कीड़े व कीचड़ आ रहे हैं, जो क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ा संकट बन चुका है। ​विक्रम सिंह चौहान व मांगीलाल जैन ने कहा कई महीनों से जारी इस समस्या से टंकियों की तली में गंदगी जम रही है और मानव स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। दीपक शर्मा स्थानीय निवासी ने बताया मजबूरी में शुरुआती गंदे पानी को शौचालय व कपड़ों के लिए और बाद के पानी को पीने के लिए अलग-अलग सहेजना पड़ रहा है।

​कई लोग पानी की केन मंगाने या निजी ट्यूबवेल पर निर्भर होने को मजबूर हैं, जबकि घरों में लगे वॉटर प्यूरीफायर (RO) भी गंदा पानी साफ करते-करते खराब होने लगे हैं।

​निगम की सुस्त कार्यप्रणाली
​वार्ड क्रमांक 34 के क्षेत्रीय पार्षद योगेश पापटवाल ने बताया कि पाइपलाइन में गंदा पानी मिलने वाले स्थानों को चिह्नित कर जांच की जा रही है। वहीं महापौर प्रहलाद पटेल ने भी शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया है। हालांकि, महीनों बीत जाने के बाद भी जमीनी स्तर पर समाधान न होना नगर निगम की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े करता है।