Movie prime

रतलाम में 300 बेड के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का निर्माण तेज़, मार्च तक पूर्ण कर हैंडओवर करने के निर्देश

 

 

 

रतलाम, 07 सितंबर(इ खबर टुडे)। जिले के नागरिकों को जल्द ही आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात मिलने जा रही है। समदढ़िया ग्रुप द्वारा निर्मित किए जा रहे 300 बेड के सुपर स्पेशलिटी जिला अस्पताल का निर्माण कार्य अब तीव्र गति से जारी है। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अस्पताल का निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।

​समीक्षा बैठक में समदढ़िया ग्रुप के मालिक अजीत समदढ़िया एवं वाइस प्रेसिडेंट जसवंत सिंह डोडिया ने मार्च तक निर्माण कार्य पूर्ण कर अस्पताल हैंडओवर करने का स्पष्ट कमिटमेंट दिया है।

​लापरवाही पर होगी पेनल्टी की कार्यवाही
कलेक्टर कटेसरिया ने कहा कि जनता का स्वास्थ्य शासन-प्रशासन की पहली प्राथमिकता है और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भवन निर्माण में अनावश्यक विलंब हुआ तो नियमानुसार पेनल्टी की कार्यवाही की जाएगी। प्रशासन द्वारा कार्य की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी ताकि मार्च में हैंडओवर सुनिश्चित हो सके।

​एक ही छत के नीचे मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
300 बेड के इस आधुनिक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में नागरिकों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी। भवन में ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, डॉक्टर्स चैंबर और प्रशासनिक भवन सहित कई आधुनिक सुविधाएं शामिल रहेंगी, जिससे जिलेवासियों को इलाज के लिए बाहर नहीं भटकना पड़ेगा।