रतलाम: उत्तराखंड ले जाई जा रही मिर्च-टमाटर की खेप रास्ते में गायब, चालक पर धोखाधड़ी का केस दर्ज
रतलाम, 09 नवंबर (इ खबर टुडे)। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक ट्रांसपोर्ट संचालक के साथ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मामला सामने आया है। आरोपी वाहन चालक ने व्यापारी की सब्जियों से भरी गाड़ी को उत्तराखंड के ज्वालापुर पहुंचाने के बजाय रास्ते में ही माल खुर्द-बुर्द कर दिया और अपना मोबाइल बंद कर लिया। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता भगत बैरागी (निवासी ग्राम जड़वासा कलां, थाना नामली) ने पुलिस को आवेदन देते हुए बताया कि वह सावलिया रोड लाइन्स के नाम से ट्रांसपोर्ट का संचालन करता है। उसने रतलाम से अन्य राज्यों में माल भेजने के लिए वाहन क्रमांक HR55V3859 के चालक कृष्ण कुमार (निवासी ढाणी गोपाल भुना, फतेहाबाद, हरियाणा) को किराए पर अनुबंधित किया था।
गत 17 सितंबर 2026 को व्यापारी मो. फैजल शेरानी की मिर्च और टमाटर की कुल 206,877 रुपये (दो लाख छह हजार आठ सौ सत्तर रुपये) कीमत की खेप वाहन में लोड कर उत्तराखंड के ज्वालापुर भेजी जानी थी। वाहन चालक कृष्ण कुमार के साथ साजिद भाई (निवासी ज्वालापुर) को भी भेजा गया था।
रास्ते में बंद कर लिया मोबाइल
शिकायत के अनुसार, चालक कृष्ण कुमार ने गंतव्य तक माल पहुंचाने से पहले ही बीच रास्ते में धोखाधड़ी कर माल का दुरुपयोग किया। दिनांक 18 सितंबर 2026 को जब व्यापारी ने संपर्क करना चाहा, तो चालक ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपी चालक ने वाहन में लदा कीमती माल तय स्थान पर न पहुंचाकर अवैध रूप से बेच दिया है।
थाना स्टेशन रोड के ए एस आई प्रकाश डावर ने बताया कि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार आरोपी चालक कृष्ण कुमार के खिलाफ बीएनएस की धारा 316 (3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

