राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का स्टेशन रोड थाने पर उग्र प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
रतलाम, 21 जुलाई (इ खबर टुडे)। देशभर में नीट परीक्षा (NEET) के पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ चल रहे विरोध-प्रदर्शन के दौरान नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की खबर फैलते ही रतलाम में सियासी पारा चढ़ गया। घटना के विरोध में शहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए स्टेशन रोड थाने का घेराव कर दिया।
प्रदर्शनकारियों के भारी आक्रोश को देखते हुए प्रशासन तुरंत हरकत में आया। मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और सुरक्षा के लिहाज से मौके पर फायर ब्रिगेड को भी मुस्तैद रखा गया था।
कांग्रेस नेताओं ने थाने के बाहर बैठकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मांग रखी कि देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस नाकामी की जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें।
वरिष्ठों के निर्देश के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन
लगभग डेढ़ घंटे तक चले इस उग्र प्रदर्शन और धरने के बाद, जब नई दिल्ली में राहुल गांधी को रिहा किए जाने की सूचना मिली, तब जाकर कार्यकर्ताओं ने अपना धरना समाप्त किया। नेताओं का कहना है कि आगामी आंदोलन और रणनीति के लिए अब पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है।
इस प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा, वरिष्ठ नेता महेंद्र कटारिया, सोहेल काजी, राकेश झालानी, कमरुद्दीन कछुआ, रवि वर्मा, मंसूर अली पटौदी, विशाल कंडारे, इकरार चौधरी, शैलेंद्र अठाना सोनू व्यास कपिल मजावदिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

