रतलाम: प्लॉट के नाम पर 9.70 लाख रुपये की धोखाधड़ी, आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर शिकायत
रतलाम,18 अगस्त (इ खबर टुडे)। शहर में भूखंड (प्लॉट) दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्षों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर जनसुनवाई में शिकायती आवेदन सौंपा और आरोपियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई व अपनी मेहनत की गाढ़ी कमाई वापस दिलवाने की मांग की है।
जनसुनवाई में दिए गए आवेदन के अनुसार, प्रार्थी अकरम खान (निवासी उकाला रोड, रतलाम) जो कुरैशी मण्डी मस्जिद में देखरेख व मौज्जीम का कार्य करते हैं, तथा गुल्लू खां (निवासी रॉयल कॉलोनी, रतलाम) जो ऑटो चालक हैं, ने बताया कि प्रतिप्रार्थी मक्सूद अली (निवासी इंदौर), मुनव्वर खान (निवासी रतलाम) व उनके सहयोगी तबर्रेज़ ने योजनाबद्ध तरीके से खुद को भूमि का स्वामी बताकर प्लॉट बेचने का सौदा किया।
प्रार्थियों ने बताया कि उकाला रोड स्थित समता परिसर के पास 'रिलायबल रेसीडेंसी' कॉलोनी में 492.18 वर्गफीट (13.1 x 37.8 फीट) के प्लॉट भूखण्ड क्रमांक-1 का सौदा 11 लाख रुपये में तय हुआ था। 16 नवंबर 2024 को 'INNOVATIVE CONSTRUCTION' फर्म के नाम से विक्रेता के रूप में अनुबंध पत्र निष्पादित किया गया, जिसके तहत 5 लाख रुपये नकद दिए गए। इसके बाद बैंक ऑफ इंडिया व इंडियन ओवरसीज़ बैंक के चेक तथा अन्य माध्यमों से कुल 9,70,000/- (नौ लाख सत्तर हजार रुपये) की राशि अदा कर दी गई।
रजिस्ट्री से मुकरे, दूसरे को बेचा प्लॉट और बनाए फर्जी दस्तावेज
जब पीड़ितों ने शेष राशि लेकर प्लॉट की रजिस्ट्री करवाने के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी टालमटोल करने लगे। बाद में पीड़ितों को पता चला कि आरोपियों ने इस प्लॉट का सौदा किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी कर रखा है और उनसे भी एग्रीमेंट कर रकम ऐंठ ली है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पूर्व में स्टेशन रोड थाने पर शिकायत करने के दौरान आरोपियों ने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए एक फर्जी/बोगस दूसरा अनुबंध पत्र तैयार करवा दिया तथा जल्द राशि लौटाने का झूठा आश्वासन दिया।
मजदूर वर्ग के पीड़ितों ने गुहार लगाई
पीड़ित अकरम खान व गुल्लू खां ने बताया कि वे मजदूर वर्ग से आते हैं और उन्होंने पाई-पाई जोड़कर यह राशि एकत्र की थी। प्लॉट न मिलने और पैसे डूबने से वे गंभीर आर्थिक व मानसिक संकट से गुजर रहे हैं। मामले में करीब चार माह पूर्व स्टेशन रोड थाना पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया। परंतु अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई। थाने के बार-बार चक्कर काटने के बावजूद उचित कार्रवाई न होने पर उन्होंने एसपी कार्यालय में जनसुनवाई में उपस्थित होकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आवेदन सौंपा।

