Movie prime

 रतलाम में प्रशासनिक फेरबदल: कलेक्टर ने किए 15 तहसीलदारों व नायब तहसीलदारों के तबादले, सूची जारी

 

 

रतलाम, 14 जुलाई(इ खबर टुडे)। प्रशासकीय कार्य सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला कलेक्टर द्वारा रतलाम जिले के राजस्व अमले में बड़ा फेरबदल किया गया है। कलेक्टर कार्यालय (स्थापना शाखा) द्वारा जारी आदेश क्रमांक 436/स्थापना/2026 के तहत जिले के 15 तहसीलदार, प्रभारी तहसीलदार और नायब तहसीलदारों के तबादले कर उन्हें तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थलों पर भेजा गया है।

जारी सूची के अनुसार कुलभुषण शर्मा (तहसीलदार): सैलाना तहसील न्यायालय से हटाकर अब रतलाम (शहर) न्यायालय एवं पश्चिमी भाग रतलाम (शहर) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मनीष जैन (प्रभारी तहसीलदार): बाजना तहसील न्यायालय से अब सैलाना तहसील न्यायालय एवं टप्पा शिवगढ़ भेजे गए हैं। पंकज पवैया (तहसीलदार): आलोट तहसील से अब जावरा तहसील न्यायालय में पदस्थ किए गए हैं। श्रीमती वंदना किराडे (तहसीलदार): रावटी तहसील से अब आलोट तहसील न्यायालय भेजी गई हैं।

श्रीमती स्नेहलता चौहान व महेन्द्रसिंह दांगी (प्रभारी तहसीलदार): खरगोन जिले से स्थानांतरित होकर आए इन दोनों अधिकारियों को क्रमशः रावटी तहसील न्यायालय और टप्पा नामली न्यायालय की कमान सौंपी गई है। देवेन्द्र कुमार दानगढ (नायब तहसीलदार): पिपलौदा से बाजना भेजे गए हैं। श्रीमती पिंकी साठे (नायब तहसीलदार): पूर्वी भाग रतलाम (शहर) से पिपलौदा न्यायालय भेजी गई हैं। आशीष उपाध्याय (नायब तहसीलदार): टप्पा नामली से पूर्वी भाग रतलाम (शहर) न्यायालय स्थानांतरित किए गए हैं।

इन अधिकारियों को भी मिला नया प्रभार
श्रीमती श्रद्धा त्रिवेदी (नायब तहसीलदार): टप्पा कालूखेड़ा से टप्पा बड़ावदा, श्री भगवानसिंह ठाकुर (नायब तहसीलदार): टप्पा बड़ावदा से टप्पा ढोढर, सुश्री प्राची गायकवाड (नायब तहसीलदार): कार्यपालिक मजिस्ट्रेट रतलाम (ग्रामीण) से टप्पा कालूखेड़ा न्यायालय, मेहमूद अली शाह (प्रभारी नायब तहसीलदार) नजूल रतलाम से टप्पा मुदंडी भेजे गए हैं। वे इस नवीन दायित्व के साथ-साथ नजूल शाखा एवं तहसीलदार भू-संसाधन प्रबंधन का कार्य भी संभालेंगे।

पदोन्नत होकर आए अधिकारी नायब तहसीलदार पद पर पदोन्नत होकर आए करमचन्द्र डोडियार को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट रतलाम (ग्रामीण) और सुदेश कृष्नामें को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट जावरा नियुक्त किया गया है।

श्रीमती प्रतिभा भाबर संभालेंगी अतिरिक्त प्रभार
आदेश के तहत रतलाम ग्रामीण की न्यायालय तहसीलदार श्रीमती प्रतिभा भाबर अपनी वर्तमान पदस्थापना के साथ-साथ न्यायालय टप्पा बिलपांक, तहसील रतलाम (ग्रामीण) का भी अतिरिक्त कार्यभार संपादित करेंगी।

कलेक्टर द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और इसकी प्रतियां राजस्व विभाग भोपाल, संभागायुक्त उज्जैन सहित सभी संबंधित अधिकारियों को सूचनार्थ व पालनार्थ प्रेषित कर दी गई हैं।