कलेक्टर श्री कटेसरिया ने देवली में सुनीं नागरिकों की समस्याएं, जर्जर शासकीय भवनों की जगह बनेंगे नए भवन
रतलाम, 09 अक्टूबर(इ खबर टुडे)। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को जनपद पंचायत बाजना की ग्राम पंचायत देवली में जिला स्तरीय शिविर एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर अजय कटेसरिया ने जनसुनवाई के दौरान आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तुरंत निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने कहा कि जिले में चिन्हित जर्जर शासकीय भवनों को डिस्मेंटल (ध्वस्त) करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद आवश्यकतानुसार नए भवनों के निर्माण की स्वीकृति लेकर काम शुरू कराया जाएगा।
उद्यमियों ने साझा की सफलता की कहानियां
शिविर में आयोजित ‘उद्यमी संवाद’ में स्थानीय सफल हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए। राजेश अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने 10 लाख रुपये का मुद्रा ऋण लेकर अपना व्यवसाय शुरू किया और बेहतर मुनाफा कमाया। अंजना डामोर ने आजीविका मिशन से जुड़कर पाइपलाइन बिछाने के काम और बकरी पालन से अपनी आय बढ़ाने का अनुभव साझा किया। मेरू खराड़िया ने भी अपने उद्यम की सफलता की जानकारी दी।
विभागीय योजनाओं की दी गई जानकारी
कृषि विभाग ने किसानों को संतुलित उर्वरक प्रयोग, मिट्टी परीक्षण, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) और कम लागत में अधिक उत्पादन के तरीके बताए। वहीं उद्यानिकी विभाग ने भी हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
ग्रामीणों ने उठाईं स्थानीय समस्याएं
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल संकट, नल-जल योजना में तेजी लाने, रुपावाड़ा में हैंडपंप मरम्मत, सामुदायिक भवन निर्माण, बोरी बंधान से जल संरक्षण, खेल मैदान से बिजली डीपी हटाने और एकलव्य विद्यालय में स्थानीय रोजगार की मांग रखी। ग्राम जामू खानदान के निवासियों ने स्कूल पुस्तकालय की टपकती छत की मरम्मत और मवेशियों के लिए पानी की होद बनवाने की बात भी रखी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन, एसडीएम सैलाना सुनील जायसवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष सहित जन प्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

