मतदाता सूची पुनरीक्षण: राजनीतिक दलों के साथ कलेक्टर की बैठक, 15 जून तक लिए जाएंगे दावे-आपत्तियां
रतलाम, 10 जून (इ खबर टुडे)। नगरीय निकायों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण वर्ष 2026 के संशोधित कार्यक्रम को लेकर कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव भी विशेष रूप से उपस्थित थीं।
बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि मतदाता सूची को पूरी तरह अपडेट और पारदर्शी बनाने के लिए नई समय-सीमा तय की गई है। दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 15 जून 2026, दावे-आपत्तियों के निराकरण की अंतिम तिथि 25 जून 2026 और अंतिम मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 18 जुलाई 2026 तक रहेगा।
पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और त्रुटि सुधार पर विशेष फोकस
कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने बैठक में मौजूद अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि पुनरीक्षण का कार्य पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा "कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम जुड़ने से वंचित नहीं रहना चाहिए। मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन (अपडेटेड) और व्यवस्थित बनाने के लिए प्राप्त आवेदनों और आपत्तियों का गंभीरता से निराकरण किया जाए।"
18 जुलाई को सार्वजनिक प्रकाशन
संशोधित कार्यक्रम के तहत सभी दावों और आपत्तियों के निराकरण के बाद 18 जुलाई 2026 को फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची का सार्वजनिक प्रकाशन निर्धारित स्थानों पर किया जाएगा। प्रशासन ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी इस प्रक्रिया में सहयोग करने और मतदाताओं को जागरूक करने की अपील की है।

