Movie prime

बच्चों के साथ जमीन पर बैठे कलेक्टर-विधायक, पेंटिंग देखकर किया उत्साहवर्धन, अगली बारिश से पहले नए भवन में संचालित करें दिव्यांग छात्रावास : कलेक्टर श्री कटेसरिया

 

 रतलाम 21 अगस्त (इ खबर टुडे )  कलेक्टर अजय कटेसरिया एवं जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पाण्डेय ने शुक्रवार को पिपलौदा स्थित जिला दिव्यांग छात्रावास का निरीक्षण किया। वर्तमान में जिला दिव्यांग छात्रावास डायट प्रशिक्षण संस्थान के भवन में संचालित हो रहा है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्रावास में रह रहे बच्चों से संवाद किया और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

 

2 करोड़ 50 लाख रुपये से बनेगा नया छात्रावास भवन
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने वर्तमान भवन में सीलन एवं अन्य समस्याओं को देखते हुए कहा कि दिव्यांग बच्चों के लिए बेहतर एवं सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि छात्रावास के लिए नया भवन स्वीकृत हो चुका है, जिसका निर्माण वर्तमान परिसर में ही लगभग 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।

 

कलेक्टर ने RES विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए अगली बारिश से पहले छात्रावास को नए भवन में संचालित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने वर्तमान छात्रावास में बच्चों के कक्ष, वार्डेन कक्ष, किचन एवं भोजन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।

 

बच्चों के साथ जमीन पर बैठे कलेक्टर-विधायक, पेंटिंग देखकर किया उत्साहवर्धन
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटेसरिया एवं विधायक डॉ. राजेंद्र पाण्डेय बच्चों के साथ नीचे बैठकर उनसे संवाद किया। बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग देखी और उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों ने इशारों एवं संकेतों के माध्यम से अपना नाम और मोबाइल नंबर भी बताया।

 

कलेक्टर ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने छात्रावास में प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध कराने की बात भी कही।

विधायक डॉ. राजेंद्र पाण्डेय द्वारा स्वेच्छानुदान मद से छात्रावास में निवासरत दिव्यांग बच्चों के लिए टीवी, कपड़े, गद्दे, बिस्तर सहित अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था की गई है। वर्तमान में छात्रावास में लगभग 50 बच्चे निवासरत हैं। निरीक्षण के दौरान विधायक ने परिसर में पौधारोपण भी किया।

 

श्रवण बाधित बच्चों के बेरा टेस्ट की सुविधा रतलाम मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध कराने का सुझाव
निरीक्षण के दौरान सहायक जिला परियोजना समन्वयक श्री मदन धमानिया ने कलेक्टर को अवगत कराया कि जिले के श्रवण बाधित बच्चों के बेरा टेस्ट के लिए वर्तमान में मेडिकल बोर्ड रतलाम से एम.वाय. हॉस्पिटल इंदौर रेफर किया जाता है। 

उन्होंने रतलाम मेडिकल कॉलेज में ही उक्त जांच की सुविधा उपलब्ध कराने का सुझाव दिया, ताकि दिव्यांग बच्चों एवं उनके परिजनों को इंदौर नहीं जाना पड़े। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, जावरा एसडीएम श्रीमती रचना शर्मा, तहसीलदार श्रीमती पिंकी साठे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।