Movie prime

 

कलेक्टर अजय कटेसरिया ने स्कूली बच्चों के साथ बेंच पर बैठकर ली एग्रीकल्चर क्लास

 

​सांदीपनि विद्यालय नामली के निरीक्षण के दौरान बच्चों से पूछे पेड़-पौधों से जुड़े सवाल

 

​रतलाम, 03 अक्टूबर(इ खबर टुडे)। जिला कलेक्टर अजय कटेसरिया ने नामली स्थित सांदीपनि विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जब कलेक्टर प्रशासनिक औपचारिकताएं छोड़कर सीधे कक्षा में पहुंचे और बच्चों के साथ बेंच पर बैठकर एग्रीकल्चर क्लास लेने लगे। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए उनके पाठ्यक्रम और अब तक पढ़ाई गई विषय-सामग्री की जानकारी ली।

​निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटेसरिया ने विद्यार्थियों की पाठ्यपुस्तक का अवलोकन किया। पुस्तक में फूलों के नाम के अंतर्गत 'ट्यूबर रोज' का उल्लेख देखकर उन्होंने बच्चों से इसका हिंदी नाम पूछा। बच्चों द्वारा उत्तर न दे पाने पर उन्होंने सहज अंदाज में बताया कि ट्यूबर रोज को हिंदी में 'रजनीगंधा' कहा जाता है।

​कलेक्टर ने बच्चों को प्राकृतिक संसाधनों और विभिन्न वृक्षों की विशेषताओं के बारे में भी रोचक जानकारियां दीं। उन्होंने सागौन, साल और सेमल जैसे पेड़ों की उपयोगिता बताई। जब उन्होंने पूछा कि 'कौन-सी लकड़ी पानी में खराब नहीं होती?', तो बच्चे उत्तर नहीं दे सके। इस पर कलेक्टर ने जानकारी दी कि जामुन की लकड़ी पानी में कभी खराब नहीं होती, भले ही यह अन्य लकड़ियों की तुलना में थोड़ी कमजोर होती है।

​कक्षा के अंत में कलेक्टर ने उपस्थित शिक्षकों को कड़े निर्देश दिए कि बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखा जाए। उन्हें आसपास की कृषि, पेड़-पौधों और प्राकृतिक संसाधनों का व्यवहारिक ज्ञान भी दिया जाए, ताकि वे अपनी प्रकृति और पर्यावरण को बेहतर ढंग से समझ सकें।