स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फेरबदल: सीएमएचओ डॉ. किरण वास्कले ने 37 कर्मचारियों के अटैचमेंट तत्काल प्रभाव से किए समाप्त
रतलाम, 23 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा मूल पदस्थापना वाले स्थलों पर कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग, रतलाम द्वारा एक बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. किरण वास्कले द्वारा जारी संशोधित आदेश के तहत जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों, अस्पतालों और कार्यालयों में लंबे समय से संलग्न (अटैच) चल रहे 37 कर्मचारियों के अटैचमेंट तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिए गए हैं।
विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई उच्च अधिकारियों एवं उज्जैन संभाग के दिशा-निर्देशों के सख्त परिपालन में की गई है। प्रशासनिक कसावट लाने के लिए उठाए गए इस कदम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों पर मैदानी स्तर की सेवाओं में सुधार होने की उम्मीद है।
मूल पदस्थापना पर देनी होगी उपस्थिति
जारी आदेश के मुताबिक, अटैचमेंट समाप्त किए गए सभी 37 संबंधित कर्मचारियों को उनके वर्तमान कार्यस्थल से तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया गया है। इन सभी कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे बिना किसी विलंब के अपने मूल पदस्थापना स्थल पर पहुंचकर उपस्थिति दर्ज कराएं। विभाग द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि आदेश का पालन न करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

