Movie prime

रतलाम / सेवानिवृत्त शिक्षक से 10 हजार की रिश्वत लेते लोकायुक्त के हत्थे चढ़ा बाबू

​सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र और PPO जारी करने के एवज में मांगी थी घूस, लोकायुक्त उज्जैन की बड़ी कार्रवाई
 


रतलाम, 09 जून (इ खबर टुडे)। भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त संगठन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आज एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। महानिदेशक (लोकायुक्त) योगेश देशमुख के सख्त निर्देशों पर और पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार यादव के प्रभावी मार्गदर्शन में लोकायुक्त संभाग उज्जैन की टीम ने जावरा में एक शासकीय बाबू को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए दबोचा है।

​मिली जानकारी के अनुसार, आवेदक लक्ष्मीनारायण लोट (निवासी- विश्रामगृह के पीछे, जावरा), जो कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हाटपिपल्या (ब्लॉक जावरा, जिला रतलाम) से उच्च माध्यमिक शिक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, अपना सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र और पी.पी.ओ. (पेंशन पेमेंट ऑर्डर) जारी करवाने के लिए भटक रहे थे।

​संकुल केन्द्र शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कमला नेहरू, जावरा में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 (बाबू) अनिल वर्मा द्वारा इस कार्य को करने के एवज में 10,000/- रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी। परेशान होकर आवेदक ने इसकी शिकायत लोकायुक्त उज्जैन से की।

​दराज के रजिस्टर के नीचे छिपाई थी रिश्वत की रकम
​शिकायत का सत्यापन करने के बाद आज दिनांक 09.06.2026 को लोकायुक्त की टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही आवेदक लक्ष्मीनारायण ने आरोपी बाबू अनिल वर्मा को 10,000 रुपये थमाए, लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी ने रिश्वत की राशि अपने हाथ में लेकर टेबल की दराज के ऊपर रखे एक रजिस्टर के नीचे छिपा दी थी, जिसे लोकायुक्त टीम ने मौके से बरामद कर लिया।

​इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
आरोपी अनिल वर्मा के विरुद्ध धारा-7 भ्रष्टाचार निवारण (संशोधित) अधिनियम 2018 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। समाचार लिखे जाने तक लोकायुक्त टीम द्वारा मौके पर वैधानिक कार्रवाई जारी थी।

​ट्रैप टीम
​इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली लोकायुक्त टीम में डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल, निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, आरक्षक उमेश जाटव, आरक्षक श्याम शर्मा, आरक्षक नीरज राठौर और आरक्षक संदीप कदम शामिल रहे।

​लोकायुक्त की आमजन से अपील
​लोकायुक्त संगठन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी भी सरकारी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो डरें नहीं। सजग नागरिक बनकर इसकी शिकायत तुरंत लोकायुक्त उज्जैन के मोबाइल नंबर 9425103975 अथवा शासकीय दूरभाष नंबर 0734-2512756 पर करें। आपकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।